ओमान तट पर डूबा भारतीय जहाज ‘विराट-1’, अमेरिकी नौसेना समेत संयुक्त अभियान में 14 नाविक सुरक्षित बचाए…

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय जहाजों और नाविकों पर खतरा लगातार बना हुआ है। चार दिनों में तीन जहाजों पर अमेरिकी हमलों और तीन भारतीय नाविकों की मौत की घटनाओं के बीच रविवार को एक और बड़ा हादसा सामने आया। ओमान तट के पास मशीनीकृत सेलिंग वेसल (MSV) विराट-1 का इंजन फेल होने के बाद जहाज समुद्र में डूब गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि जहाज में सवार सभी 14 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि विराट-1 तकनीकी खराबी के कारण डूबा। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जहाज पर किसी हमले की खबर सही नहीं है और मामले की जांच जारी है।
ओमान तट पर चला संयुक्त बचाव अभियान
ओमान स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार विराट-1 ओमान तट से लगभग 80 समुद्री मील पूर्व में रास अल हद्द के पास मौजूद था। इंजन फेल होने के बाद जहाज में मौजूद सभी नाविकों ने लाइफराफ्ट में शरण ली।
इसके बाद ओमानी अधिकारियों के समन्वय में बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। आसपास मौजूद जहाजों और अमेरिकी नौसेना ने भी तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अब सभी नाविक सुरक्षित मुंबई लौट रहे हैं।
