देश के 17 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, एमपी में तूफान की चेतावनी और छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक!

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं छत्तीसगढ़ में अगले 4 से 5 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।
छत्तीसगढ़ में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 18 से 24 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। 18 से 20 जून के दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा 21 और 22 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देश के इन हिस्सों में बारिश
इस बीच देश के अन्य हिस्सों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 19 जून को 17 राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में 24 जून तक भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने किसानों को कटी हुई फसलों को सुरक्षित रखने और लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
