Categories

July 1, 2026

 पेट्रोल 5 रुपये सस्ता… डीजल के दाम में भी ₹3 की कटौती, इस कंपनी ने घटाए रेट…

Spread the love

जुलाई महीने के पहले दिन पेट्रोल-डीजल (Petrol Diesel Rate Cut) उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारत में प्राइवेट फ्यूल रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमतों में ₹5 प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की कटौती कर दी है। कंपनी की नई कीमतें बुधवार 1 जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं।

नायरा एनर्जी के 7000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर नई कीमतें

यह कटौती नायरा एनर्जी के देशभर में मौजूद 7000 से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लागू की गई है। नायरा एनर्जी रूस की रोसनेफ्ट समर्थित फ्यूल कंपनी है और हाल के समय में यह भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट पेट्रोल-डीजल रिटेल कंपनी बनकर उभरी है।

इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में अंतर बना रहेगा, क्योंकि स्थानीय टैक्स जैसे वैल्यू-एडेड टैक्स (VAT) कीमतों को प्रभावित करते हैं।

दो साल बाद पहली बार कंपनी ने घटाए दाम

पिछले दो साल से अधिक समय में यह पहली बार है जब किसी फ्यूल कंपनी ने रिटेल स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती की है। इसके पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट को प्रमुख कारण माना जा रहा है। मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने और युद्ध की स्थिति थमने के बाद वैश्विक स्तर पर क्रूड ऑयल की कीमतों में नरमी देखने को मिली है।

सरकारी तेल कंपनियों की कीमतें स्थिर

जहां नायरा एनर्जी ने कीमतें घटाकर राहत दी है, वहीं सरकारी तेल कंपनियों ने अभी तक अपने दामों में कोई बदलाव नहीं किया है।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) देश के ज्यादातर पेट्रोल पंपों का संचालन करती हैं और इनके यहां कीमतें पहले की तरह बनी हुई हैं।

दिल्ली में IOC आउटलेट्स पर पेट्रोल की कीमत 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है।

पहले बढ़ाए थे दाम, अब उतनी ही कटौती

नायरा एनर्जी ने इससे पहले 26 मार्च को पेट्रोल की कीमतों में ₹5 प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। अब कंपनी ने उतनी ही राशि में कटौती कर दी है।

इसके अलावा सरकारी तेल कंपनियों ने भी मई महीने में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल ₹7.50 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी।

क्रूड ऑयल सस्ता होने और होर्मुज स्ट्रेट खुलने का असर

नायरा एनर्जी गुजरात के वाडिनार में हर साल 20 मिलियन टन क्षमता वाली तेल रिफाइनरी संचालित करती है। कंपनी की ओर से की गई कटौती को वेस्ट एशिया में तनाव कम होने और होर्मुज स्ट्रेट के दोबारा खुलने से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे क्रूड ऑयल और लिक्विफाइड नेचुरल गैस की सप्लाई सामान्य हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों पर दबाव कम हुआ है।

पेट्रोल पर बढ़ा विंडफॉल टैक्स, डीजल और ATF पर घटा

केंद्र सरकार ने 1 जुलाई 2026 से पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स में बदलाव किया है।

वित्त मंत्रालय के नोटिफिकेशन के अनुसार, डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाली विशेष अतिरिक्त एक्सपोर्ट ड्यूटी (SAED) को 14 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 8.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

वहीं एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर शुल्क 12.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 7.5 रुपये प्रति लीटर किया गया है। दूसरी ओर पेट्रोल के निर्यात पर टैक्स 1.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 4 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी, अगले 15 दिनों में दोबारा खुलेगा महतारी वंदन योजना के नए पंजीयन का पोर्टल…

छत्तीसगढ़ में आज से बढ़ेगा बारिश का असर, कई जिलों में भारी वर्षा और वज्रपात के आसार…

बंगाल के हल्दिया रिफाइनरी में लगी आग, 10 से अधिक लोगों के झुलसने की खबर…

वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप से मची भीषण तबाही, 32 की मौत जबकि 700 से ज्यादा घायल…