Categories

September 28, 2026

भगत सिंह जयंती: पीएम मोदी बोले- युवाओं के लिए प्रेरणापुंज; कई नेताओं ने किया शहीद-ए-आजम को नमन…

Spread the love

देश के महान क्रांतिकारी और अमर बलिदानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती पर आज पूरे देश ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत केंद्र सरकार के कई मंत्रियों और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “शहीद भगत सिंह को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। अपने अदम्य साहस और शौर्य से उन्होंने आजादी के आंदोलन को नई धार दी। राष्ट्र के सम्मान के लिए सर्वस्व न्योछावर करने का उनका जज्बा भारत के नौजवानों की हिम्मत और हौसले का प्रतीक है।”

वीडियो संदेश में क्या बोले पीएम मोदी?
पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश भी जारी किया। उन्होंने कहा, “अमर शहीद भगत सिंह हर भारतवासी विशेषकर युवाओं के लिए एक प्रेरणापुंज हैं। निर्भीकता उनके स्वभाव में कूट-कूटकर भरी थी। देश के लिए फांसी के फंदे पर झूलने से पहले भगत सिंह ने अंग्रेजों को पत्र भी लिखा। उन्होंने कहा था कि आप मुझसे और मेरे साथियों से युद्धबंदी जैसा व्यवहार करें। इसलिए हमारी जान फांसी से नहीं, बल्कि सीधा गोली मारकर ली जाए। यह उनके अदम्य साहस का प्रमाण है। वे लोगों की पीड़ा के प्रति भी बहुत संवेदनशील थे और उनकी मदद को हमेशा आगे रहते थे। मैं शहीद भगत सिंह को आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”

ओम बिरला ने भी किया नमन
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने अपने पोस्ट में लिखा, “क्रांति, विचार और अदम्य राष्ट्रप्रेम के अमर प्रतीक शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। शहीद भगत सिंह का नाम भारतीय स्वाधीनता संग्राम के इतिहास में युवा चेतना, वैचारिक साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक के रूप में अमर है। बहुत कम आयु में उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य देश की स्वतंत्रता और समाज के व्यापक परिवर्तन को बनाया। उनका संघर्ष केवल विदेशी शासन से मुक्ति तक सीमित नहीं था; बल्कि वे एक ऐसे भारत का सपना देखते थे, जहां शोषण, असमानता और अन्याय के लिए कोई स्थान न हो।”

उन्होंने आगे लिखा, “अल्पायु में उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास की उन अमर गाथाओं में शामिल है, जिन्हें देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण करता रहेगा। आज उनकी जयंती पर हम भगत सिंह के साहस, विचारों, अध्ययनशीलता और बलिदान को नमन करते हैं।”

और किन नेताओं ने किया नमन?

  • केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लिखा, “मां भारती के वीर सपूत शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें विनम्र अभिवादन।” 
  • भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा, “महान क्रांतिकारी, शहीद भगत सिंह की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। युवावस्था में ही उन्होंने अपने अदम्य साहस से स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा दी। मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए उनका साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
  • भाजपा सांसद संजय सेठ ने कहा, “भारत स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, शहीद भगत सिंह की जयंती पर शत्-शत् नमन। देश की स्वतंत्रता और अस्मिता की रक्षार्थ उनका सर्वोच्च बलिदान युगों-युगों तक क्रांति की प्रखर ध्वनि रहेगी।”

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण पर बवाल: समुदाय में दो फाड़, सड़क पर उतरीं महिलाएं,पथराव के बाद आंसू गैस के गोले दागे…

बैंक हड़ताल: आईबीए के आश्वासन पर यूएफबीयू ने हड़ताल वापस लिया, हफ्ते में पांच दिन काम पर क्या हुआ फैसला…

पटवारियों का बड़ा फेरबदल: कई के बदले तहसील और कार्यक्षेत्र, तत्काल ज्वाइनिंग के निर्देश…

नवा रायपुर में तीज उत्सव आज: सीएम साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह करेंगे शिरकत…