लियोनल मेसी का भारत दौरा: कोलकाता से दिल्ली तक, हर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी…

दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में शुमार लियोनल मेसी भारत आ रहे हैं। उनके भारत दौरे को ‘G.O.A.T टूर’ नाम दिया गया है, जो 13 से 15 दिसंबर तक चलेगा। इस तीन दिन के टूर में मेसी चार बड़े शहरों कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली का दौरा करेंगे।
यह दौरा बेहद खास इसलिए भी है क्योंकि मेसी हाल ही में अपने करियर का 48वां खिताब जीतकर फुटबॉल इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हुए हैं। भारत यात्रा के दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई मशहूर हस्तियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करेंगे।
GOAT टूर में शामिल होंगे लुइस सुआरेज और डि पॉल
टूर के प्रमोटर सतद्रु दत्ता ने इस कार्यक्रम को और भव्य बनाने के लिए मेसी के लंबे समय के दोस्त और दिग्गज स्ट्राइकर लुइस सुआरेज और अर्जेंटीना के विश्व कप विजेता खिलाड़ी रॉड्रिगो डि पॉल को भी शामिल किया है। इन खिलाड़ियों की मौजूदगी GOAT टूर को फुटबॉल प्रेमियों के लिए और भी खास बना देगी।
टिकट कीमतें और उपलब्धता
मेसी के सार्वजनिक कार्यक्रमों के टिकट ‘डिस्ट्रिक्ट’ एप पर उपलब्ध हैं। ज्यादातर शहरों में टिकट की प्रारंभिक कीमत 4,500 रुपये रखी गई है। वहीं, मुंबई में टिकट की शुरुआती कीमत 8,250 है। दिल्ली में टिकट की अधिकतम कीमत 82 हजार रुपये तक है। चूंकि कई इवेंट जनता के लिए खुले हैं, इसलिए टिकटों की मांग काफी ज्यादा है। हैदराबाद में टिकटों की प्रारंभिक कीमत 1,500 रुपये थी। वहीं, टिकट की अधिकतम कीमत नौ हजार रुपये है। मुंबई में टिकट की अधिकतम कीमत 23 हजार रुपये है। चारों शहरों में न्यूनतम कीमत वाले टिकट बिक चुके हैं।
