सीपी राधाकृष्णन होंगे देश के नये उपराष्ट्रपति, चुनाव में सुदर्शन रेड्डी को 152 वोट से हराया…

राष्ट्रपति पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन विजयी घोषित किए गए. राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 और विपक्ष के प्रत्याशी बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट हासिल हुए. राज्यसभा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पी सी मोदी ने नतीजों की घोषणा की.
कुल 788 में से 767 ने मतदान में हिस्सा लिया
देश के 17वें उप राष्ट्रपति के चुनाव के लिए, निर्वाचक मंडल में राज्यसभा के 233 निर्वाचित सदस्य (वर्तमान में पांच सीटें रिक्त हैं) एवं 12 मनोनीत सदस्य तथा लोकसभा के 543 निर्वाचित सदस्य (वर्तमान में एक सीट रिक्त है) शामिल थे. निर्वाचक मंडल में कुल 788 सदस्य (वर्तमान में 781) हैं. लेकिन इसमें केवल 767 ने हिस्सा लिया.
पीएम मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को जीत की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति चुनाव में जीत के लिए बधाई दी है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “थिरु सीपी राधाकृष्णन जी को 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव में विजयी होने पर बधाई. उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है. मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे.”
