6 मार्च के बाद फिर से बदलेगा छत्तीसगढ़ का मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में भीषण गर्मी का दौर…

छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिन और रात के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। राज्य के ज्यादातर जिलों में में तापमान 5 डिग्री के पार पहुंच गया है। 5 जिलों में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले 24 घंटे तक कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में वृद्धि हो सकती है। हालांकि 6 मार्च के बाद से एक बार फिर से तापमान में गिरावट हो सकती है। 6 के बाद राज्य के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
रविवार को जगदलपुर जिला राज्य का सबसे गर्म जिला था। यहां अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा था। वहीं, सबसे ठंडा जिला अंबिकापुर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। सरगुजा इलाके में भी अब दिन में गर्मी का एहसास होने लगा है। रात में भी ठंडक कम हुई है। सुबह-शाम ठंडक का असर देखने को मिल रहा है।
रायपुर में गर्मी की शुरुआत
सोमवार को राजधानी रायपुर का मौसम साफ रहने की उम्मीद है। रविवार को रायपुर में दिन का पारा 36.1 डिग्री रिकार्ड किया गया । वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक था। सोमवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और रात का तापमान 21 डिग्री के करीब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
कैसा रहेगा अगले 24 घंटे का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं, कुछ जिलों में तापमान स्थिर रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर और दुर्ग जिले में भी गर्मी का एहसास होने लगा है।