हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली को लिया निशाने पर, बोले- इससे सटे जिलों में हुआ कोरोना बेकाबू

चंडीगढ़
हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है कि, सूबे में कोरोना का संक्रमण दिल्ली से सटे जिलों में ज्यादा फैल रहा है। विज ने कहा कि, "उच्च कोरोना-संक्रमण दर राज्य के दिल्ली से सटे 3 जिलों में है, और इसका हरियाणा पर असर पड़ रहा है।"
कई जिलों में 100 पर्सेंट वैक्सीन हो चुका
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली से सटे राज्य के 3 जिलों में ज्यादा मामले मिलने पर उन्हें कोरोना मामलों में "अनियंत्रित" वृद्धि के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के आसपास होने के कारण हरियाणा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। हम तेजी से वैक्सीन लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि, हमारे यहां अब तक लाखों लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। करोड़ों डोज दिए जा चुके हैं। कई जिलों में 100 पर्सेंट वैक्सीन हो चुका है।
मुख्यमंत्री बोले- हमारे यहां सबसे तेज टीकाकरण
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि, हमारे यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में 16 जनवरी 2021 को टीकाकरण अभियान की शुरूआत हुई थी। इस अभियान में भारत अब विश्व में पहले स्थान पर है। अभी तक देश में 157 करोड़ डोज लोगों को दिए जा चुके हैं। इसके साथ-साथ भारत में टीकाकरण अभियान विश्व के दूसरे देशों की तुलना में तीव्र गति से भी हुआ है। खट्टर ने विश्व के सबसे बड़े कोरोना टीकाकरण अभियान की वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ समस्त देश व प्रदेशवासियों को बधाई भी दी।