छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार: रायपुर समेत प्रदेश में झमाझम बारिश, अगले 48 घंटे भी राहत नहीं…

छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में बुधवार को दिनभर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश पर बने मजबूत मौसम तंत्र के कारण अगले दो दिनों तक अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जुलाई में सक्रिय हुआ यह दूसरा प्रभावी सिस्टम है, जिसने राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा कराई है। बस्तर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों को छोड़ दें तो बाकी जिलों में पिछले एक सप्ताह से लगातार बारिश दर्ज की जा रही है।
आज जिन जिलों में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है उनमें कोरबा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और जशपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों की बात करें तो सूरजपुर में 190 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही। इसके अलावा अंबिकापुर में 100 मिमी, रायपुर में 80 मिमी, जबकि रायगढ़, डोंगरगढ़, बलौदाबाजार, राजनांदगांव और माना में करीब 70-70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस मानसून सीजन में सारंगढ़ सबसे अधिक वर्षा वाला जिला बनकर उभरा है। यहां अब तक 613 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 373 प्रतिशत अधिक है। वहीं मुंगेली, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर में भी सामान्य से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। राजधानी रायपुर में अब तक लगभग 150 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जिसे सामान्य श्रेणी में माना जा रहा है।
हालांकि प्रदेश के सभी हिस्सों में स्थिति एक जैसी नहीं है। अब तक राज्य में औसतन 381 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 17 प्रतिशत कम है। कांकेर, सरगुजा, कोंडागांव और मोहला-मानपुर समेत 11 जिलों में अब भी सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे इन क्षेत्रों में मानसून की कमी बनी हुई है।
