परीक्षा रद्द: पेपर लीक के बाद NTA का बड़ा फैसला, 22.79 लाख छात्र दोबारा देंगे एग्जाम, जयपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार…

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो गया था, जिसमें 180 में से 135 सवाल और केमिस्ट्री के सभी 45 सवाल हूबहू मैच पाए गए। इस धांधली के बाद देश भर के 22.79 लाख छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पुन: परीक्षा (Re-NEET) कराने का निर्णय लिया है।
नासिक से हरियाणा तक फैला नेटवर्क, जयपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
जांच एजेंसियों के अनुसार, पेपर लीक का यह बड़ा रैकेट महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड तक फैला हुआ है। राजस्थान SOG ने जयपुर से मनीष नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे कांड का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि प्रश्नपत्र छपने से पहले ही ‘गेस पेपर’ के नाम पर कुछ छात्रों को डिजिटल कॉपी उपलब्ध करा दी गई थी। इसकी पहली कॉपी महाराष्ट्र के नासिक में शेयर किए जाने का शक है।
CBI को सौंपी गई जांच, अब तक 45 गिरफ्तार
राजस्थान SOG अब तक इस मामले में 45 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आगे की जांच CBI को सौंप दी गई है। जांच में सामने आया है कि राजस्थान के एक पीजी छात्र के जरिए प्रश्नपत्र बाहर निकाला गया था। सीबीआई अब कोचिंग नेटवर्क, दलालों और तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका की गहन जांच करेगी।
छात्रों के लिए राहत: दोबारा रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं
NTA ने स्पष्ट किया है कि 22.79 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए दोबारा आवेदन या फीस भरने की आवश्यकता नहीं होगी। पुराना रजिस्ट्रेशन फॉर्म ही मान्य रहेगा। एजेंसी जल्द ही नई परीक्षा तिथि (Exam Date), सिटी इंटिमेशन स्लिप और एडमिट कार्ड जारी करेगी। किसी भी शंका के समाधान के लिए छात्र हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं।
