Categories

August 22, 2026

राहुल का सात घंटे धरना, पैलेट गन मामले में एफआईआर दर्ज…

Spread the love

 राहुल गांधी के शुक्रवार को करीब सात घंटे तक चले धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने 20 जुलाई को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए युवक साहिल लोचब की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की। इसके साथ ही, संसद मार्ग स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय के बाहर राहुल गांधी का धरना समाप्त हो गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्राथमिकी दर्ज किए जाने को न्याय की दिशा में पहला कदम करार दिया। उन्होंने कहा कि न्याय की राह में ‘ब्रेक’ ऊपर से लगाया गया था और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं गृह सचिव गोविंद मोहन के स्तर पर ‘अंतिम मंजूरी’ मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।

दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 118 (खतरनाक हथियारों या साधनों से जानबूझकर चोट पहुंचाना या गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 25 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

प्राथमिकी दर्ज होने के बाद राहुल गांधी ने कहा, ‘हमने यहां कुछ गलत नहीं किया। हमने सिर्फ एक भारतीय नागरिक, उसकी मां और पिता के लिए न्याय मांगा, जिसमें इसमें आठ घंटे लग गए।’ कांग्रेस नेता ने कहा कि यह थाना दिल्ली के बीचोंबीच स्थित है और अगर यहां न्याय मिलने में इतनी देर होती है तो गांव या छोटे शहरों के थानों में क्या स्थिति होती होगी, इसकी कल्पना की जा सकती है।

साहिल ने कहा, ‘हाल ही में राहुल गांधी ने मेरे स्वास्थ्य के बारे में पूछने के लिए फोन किया था। मैंने उन्हें बताया कि मेरी प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने तुरंत कहा कि मिलते हैं, मैं खुद जाकर आपकी प्राथमिकी दर्ज करवाऊंगा।’ साहिल की दाईं आंख में गंभीर चोट आई थी और उनके परिवार की ओर से दावा किया गया था कि उनकी आंख की रोशनी जाने का खतरा है।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि अमित शाह ने दिल्ली पुलिस को प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का निर्देश दिया था।

वंदे मातरम मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश : भाजपा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि राष्ट्रगीत के मुद्दे पर कांग्रेस को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है और इसी मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए राहुल ने धरना दिया। नड्डा ने कहा, ‘जब देश की सर्वोच्च अदालत इस मामले की जांच कर रही है, तो कैमरों के सामने पुलिस थाने के बाहर बैठकर राहुल गांधी आखिर क्या साबित करना चाहते हैं? क्या विपक्ष के नेता का न्यायपालिका पर से भरोसा उठ गया है?’ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘वंदे मातरम के मुद्दे पर अपने रुख को लेकर कांग्रेस घिर गई है और अब वह लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।’ प्रसाद ने कहा, ‘कांग्रेस अब राहुल गांधी की तुष्टीकरण की राजनीति से संचालित होने वाली पार्टी बन गई है।’

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

तेलंगाना की फार्मा यूनिट में भीषण हादसा: रिएक्टर फटने से दो की मौत, नौ झुलसे; शिफ्ट बदलते वक्त हुई दुर्घटना…

अब छत्तीसगढ़ की यूनिवर्सिटी में पेपर लीक होने के आरोपों के बाद परीक्षा रद्द…

बिहार के चंपारण में बड़ा हादसा, सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा; 5 की मौत…

12 मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमारी, 6 दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे; एक दुकान में मिली अनियमितता…