हीट वेव का अलर्ट: 25-26 अप्रैल को 47 डिग्री पार करेगा पारा, लू से बचाव के उपाय…

मौसम विभाग ने 25 व 26 अप्रैल के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
ऐसे में लाेगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। वहीं, मंगलवार को सुबह के बाद से ही गर्म बयार चलने से लोग परेशान हो गए। मध्यम गति से चली गर्म बयार चेहरे झुलसाती रही। ऐसे में लोग मुंह पर कपड़ा बांधे दिखाई दिए।
मंगलवार को भी 43 डिग्री सेल्सियस रहा अधिकतम तापमान
मंगलवार की सुबह से निकली धूप दिन चढ़ने के साथ तेजी पकड़ती रही। दोपहर में मौसम शरीर को परेशानी देने वाला हो गया। धूप में तेजी की वजह से सार्वजनिक स्थान और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, ग्राहक कम होने से काफी दुकानदार बैठे रहे दिखे। गर्म बयार भी लोगों को परेशान करती रही।
25 व 26 अप्रैल काे हीट वेव का अलर्ट, 47 डिग्री सेल्सियस पार जा सकता है तापमान
सुबह के बाद से दोपहर बाद तक मौसम के ऐसे हाल से लोग अकुलाए दिखे। गर्म बयार से बचने के लिए राहगीर और दोपहिया चालक कपड़े से मुंह बांधे दिखे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लू (हीट स्ट्रोक) के लक्षण
- गर्म, लाल, शुष्क त्वचा का होना, पसीना न आना।
- तेज पल्स होना।
- तेज सांसें होना।
व्यवहार में परिवर्तन
- सिरदर्द, मितली, थकान, और कमजोरी होना, चक्कर आना।
- पेशाब न आना अथवा कम आना।
लू (हीट स्ट्रोक) से बचने के उपाय
- अधिक से अधिक पानी पीएं।
- हल्के रंग के हल्के वस्त्र पहनें।
- धूप के चश्मे, छाता, गमछा, टोपी व चप्पल का प्रयोग करें।
- दोपहर में घर से निकलते समय शरीर के अंगों को अधिक से अधिक ढककर रखें।
- सूती व खादी वस्त्र पहनें।
- यात्रा करते समय पीने का पानी साथ ले जाएं।
क्या न करें
- गहरे रंग के भारी तथा तंग कपड़े न पहनें।
- खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
- एल्कोहल, चाय व काफी से परहेज करें।
- बासी खाने से परहेज करें।
- बच्चों को कभी भी बंद खड़ी गाड़ियों में अकेला न छोड़ें।
- दोपहर में अतिरिक्त शारीरिक श्रम न करें।
हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने मैनपुरी से जुड़ा मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को आसमान साफ होने के साथ दिन के समय तेज सतही बयार चलने की संभावना जताई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहने का अनुमान है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, 25 व 26 अप्रैल को हीट वेव चल सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
