अजूबा इंसान: 17 साल के लड़के के पूरे बदन पर बाल, छह साल की उम्र से ही वेयरवूल्फ सिंड्रोम से पीड़ित, क्लास में डरते हैं साथी कहीं काट न ले
अजीब बीमारी
ललित दरअसल वेयरवूल्फ सिंड्रोम नाम की एक अजीब बीमारी का शिकार है। वह जब छह साल का था, तब पहली बार उसका हाइपरट्राइकोसिस का इलाज हुआ था। हाइपरट्राइकोसिस एक ऐसी असामान्य अवस्था है जिसमें पूरे शरीर पर घने बाल उग आते हैं। यह बीमारी इतनी असामान्य है कि मध्यकाल से लेकर अब तक केवल 50 ऐसे मामले सामने आए हैं।
साथी बुलाते हैं मंकी ब्वॉय
ललित के पूरे शरीर पर भी घने बाल हैं। उसके सहपाठी उसे मंकी ब्वॉय बुलाते हैं और उसके पास जाने से डरते हैं। 12वीं कक्षा के छात्र ललित के पिता किसान हैं। वह खेती के काम में अपने पिता की मदद भी करता है। उसने बताया कि जन्म के समय से ही उसके शरीर पर बाल थे। जन्म के ठीक बाद डॉक्टर ने शेविंग कर उसके बाल हटाए थे। उसे छह साल की उम्र तक इस बारे में ज्यादा पता नहीं चला। फिर उसने महसूस किया कि उसके पूरे शरीर में बाल उग रहे हैं।
ललित को अपनी हालत पर अफसोस नहीं
ललित को अपनी हालत पर कोई अफसोस नहीं है। उल्टे यह जानकर अच्छा लगता है कि वह लाखों में एक है। वह दूसरों से अलग है, लेकिन उसका मानना है कि यह जीवन में उसकी सबसे बड़ी ताकत भी बन सकता है। जब उसे लगता है कि बाल ज्यादा बढ़ गए हैं तो वह उन्हें काट लेता है।
इस बीमारी का इलाज नहीं
ललित से ज्यादा उसके माता-पिता उसको लेकर चिंतित रहते हैं। उसकी इस बीमारी का कोई इलाज नहीं है। इसके चलते ललित को बचपन से ही अलग-थलग रहना पड़ा है, क्योंकि दूसरे बच्चे उसको देखकर डरते हैं।
