Categories

November 19, 2026

केरल के तिरुवनंतपुर एयरपोर्ट को साल में दो बार किया जाता है बंद, पांच घंटे तक फ्लाइट्स रहती हैं सस्पेंड, जानें पद्मस्वामी मंदिर के जुलूस की क्या है परंपरा, एयरपोर्ट के रनवे से क्यों निकलता है जुलूस

Spread the love

तिरुवनंतपुरम: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बहुत बिजी एयरपोर्ट है। मंगलवार को यह एयरपोर्ट शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक, मतलब 5 घंटे के लिए बंद रहेगा। यह पहली बार नहीं है जब यहां पर पांच घंटे फ्लाइट्स नहीं चलेंगी। साल में ऐसा दो बार होता है जब यह एयरपोर्ट बंद किया जाता है। इसके पीछे का कारण भी जानकर आप हैरान होंगे। एयरपोर्ट पर फ्लाइट्स का संचालन साल में दो बार सस्पेंड किसी टेक्निकल कारण से नहीं बल्कि धार्मिक कारण से होता है। यह धार्मिक कारण है मंदिर का जुलूस। यह जूलूस एयरपोर्ट के रनवे से निकलता है और इस कारण 5-6 घंटे फ्लाइट्स सस्पेंड रहती हैं। इस जुलूस की परंपरा सदियों पुरानी है। यह भी कहा जाता है कि मंदिर का यह जुलूस 5000 साल से ऐसे ही निकलता आ रहा है। दो साल पहले जब कोरोना चरम पर था फिर भी मार्च 2020 में यह जुलूस धूमधाम से निकाला गया था। यहां तक कि इस जुलूस में सैकड़ों लोग जमा भी हुए थे।

द्वि-वार्षिक उत्सव के लिए एयरपोर्ट को बंद करने से पहले, हवाईअड्डा एयरमेन को नोटिस (NOTAM) जारी करता है। इस बार यह 1 नवंबर को है। मंगलवार को एयरपोर्ट से शाम को 4 बजे से रात 9 बजे तक कोई भी फ्लाइट्स नहीं आएंगी ही जाएंगी। सदियों पुराने अनुष्ठान के लिए सभी घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय सेवाएं इस दौरान निलंबित रहेंगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि पांच घंटे के दौरान चार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों सहित कुल छह उड़ानों का समय बदला गया है।

रनवे से होकर समुद्र तट तक ले जाए जाते हैं भगवान विष्णु
केरल का यह हवाईअड्डा साल में दो बार अपनी सेवाओं को निलंबित करता है। पहला मार्च-अप्रैल में पेनकुनी उत्सव के लिए और दूसरी बार अक्टूबर-नवंबर में अराट्टू जुलूस के लिए। अक्टूबर-नवंबर के दौरान भगवान विष्णु को श्री पद्मनाभ स्वामी मंदिर से एक पालकी पर ले जाया जाता है, जो हवाई अड्डे के ठीक पीछे स्थित शांघमुघम समुद्र तट पर होता है। यहां पर भगवान विष्णु को समुद्र में अनुष्ठान स्नान करवाया जाता है।

1932 में बना एयरपोर्ट
भगवान विष्णु का यह अनुष्ठान जुलूस सदियों से निकलता आ रहा है। इसी मार्ग से उन्हें लाया और ले जाया जाता है। 1932 में इस मार्ग पर एयरपोर्ट का निर्माण किया गया। तब इस पर विवाद हुआ था कि भगवान विष्णु की पालकी जुलूस कैसे निकलेगा, बताया जाता है कि तब यह सहमति बनी की भगवान विष्णु के जुलूस में कोई बाधा नहीं आएगी। इसे वैसे ही रास्ता दिया जाएगा, जिस तरह सदियों से हो रहा है। इसलिए जुलूस को रनवे से गुजरने की इजाजत है।

रनवे पर रुककर करते हैं विश्राम भी
रनवे के पास, एक अरट्टू मंडपम है जहां भगवान विष्णु को थोड़े समय के लिए आराम के लिए रखा जाता है। यहां आराम करने के बाद भगवान को फिर से समुद्र तट पर ले जाया जाता है। यहां पर उन्हें पवित्र डुबकी लगवाई जाती है। अनुष्ठान होता है और पालकी से उन्हें वापस लाया जाता है।

ऐसा होता है भगवान विष्णु का जुलूस

देवता के साथ त्रावणकोर शाही परिवार के सदस्य और श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर के कर्मचारी होते हैं। इस जुलूस में 5 हाथियों का झुंड होता है। हाथियों पर रेशन के बनी छतरियां लगाई जाती हैं। लोग हाथ में पताके लेकर चलते हैं। पुलिस बैंड भी साथ चलता है। ढोल, ताशे, नगाड़ों के साथ बड़ी धूमधाम से यह जुलूस निकलता है। जुलूस के लिए, गरुड़ वाहन में पुजारी सैकड़ों लोगों सजावटी आवरणों के साथ मौजूद रहते हैं।

देवता पद्मनाभस्वामी, नरसिम्हा मूर्ति और कृष्ण स्वामी के उत्सव विग्रह को ले जाया जाता है। यह जुलूस शाम करीब साढ़े पांच बजे हवाईअड्डा परिसर में प्रवेश करता है और पवित्र स्नान के बाद रात आठ बजे उसी रास्ते से लौटता है। मूर्तियों को पारंपरिक मशालों के साथ जुलूस के साथ मंदिर में वापस ले जाया जाएगा, जो इस त्योहार के समापन का प्रतीक है।

क्या है पद्मनाभस्वामी मंदिर की मान्यता
पद्मनाभस्वामी मंदिर भारत के केरल राज्य की राजधानी तिरुवन्तपुरम में स्थित है। यह एक प्रसिद्ध हिंदू मंदिर है। भगवान विष्णु को समर्पित इस मंदिर की बड़ी मान्यता है। कहा जाता है कि इस मंदिर को भगवान कृष्ण के भाई बलराम ने भी देखा था। स्कंद पुराण और पद्म पुराण जैसे महाकाव्यों में भी इस मंदिर का उल्लेख देखने को मिलता है। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण 5000 साल पहले हुआ था। हालांकि मंदिर निर्माण का कोई सटीक प्रमाण नहीं है। पद्मनाभस्वामी त्रावणकोर के शाही परिवार के संरक्षक देवता हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…