Categories

November 22, 2026

केवल हेट स्पीच की आशंका से रैली रद्द नहीं कर सकते, पर नफरती भाषण रोकने को सुप्रीम कोर्ट ने दे दिया बड़ा आदेश…

Spread the love

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को अपनी एक सख्त टिप्पणी में अधिकारियों को आदेश दिया है कि इस बात का ध्यान रखे जाने की जरूरत है कि हिंसा भड़काने या नफरत फैलाने वाले भाषण बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किए जा सकते हैं। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ स्थानीय प्रशासन को हिंदू जनजागृति समिति के 18 जनवरी को यवतमाल में और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक टी राजा सिंह के 19 जनवरी को रायपुर में 7 दिनों तक चलने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया है।

रैलियों पर नजर रखने का आदेश

सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस दीपांकर दत्ता की पीठ ने इन रैलियों पर रोक लगाने से इनकार करते हुए स्थानीय प्रशासन को आदेश दिया। कोर्ट ने महाराष्ट्र के यवतमाल और छत्तीसगढ़ के रायपुर के जिला मजिस्ट्रेट तथा पुलिस अधीक्षकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उनके अधिकार क्षेत्रों में अगले सप्ताह होने वाली हिंदू जनजागृति समिति और बीजेपी विधायक टी राजा सिंह की रैलियों के दौरान कोई नफरत भरा भाषण न दिया जाए।

केवल आशंका से रैली नहीं रोक सकते

जस्टिस खन्ना और जस्टिस दत्ता की पीठ ने निर्धारित रैलियों पर रोक लगाने से इनकार करते हुए कहा कि जिन पक्षकारों के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण देने के आरोप लगाए गए हैं, वे अदालत के समक्ष मौजूद नहीं हैं। पीठ ने दोनों जिलों के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि रैलियों के स्थल पर रिकॉर्डिंग सुविधाओं के साथ सीसीटीवी कैमरे लगे हों, ताकि यदि कोई नफरत फैलाने वाले भाषण देता है तो उसकी पहचान की जा सके।

शाहीन अब्दुल्ला की याचिका

कोर्ट ने याचिकाकर्ता शाहीन अब्दुल्ला की लंबित याचिका से जुड़ी एक अर्जी पर यह आदेश दिया है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि नफरत फैलाने वाले भाषणों के कई मामले सामने आए हैं। अर्जी में कहा गया कि यवतमाल जिले में 18 जनवरी को हिंदू जनजागृति समिति की रैली होने वाली है और इसमें नफरत भरे भाषण दिए जाने की आशंका है। इसमें कहा गया कि रायपुर जिले में सिंह की रैलियां 19 से 25 जनवरी तक निर्धारित हैं और इनमें भी नफरत भरे भाषण दिए जाने की आशंका है।

कोर्ट ने जारी किए आदेश

याचिकाकर्ता ने रैलियां आयोजित करने के लिए दी गई अनुमति को रद्द किए जाने का अनुरोध किया, जिसे पीठ ने यह कहते हुए अस्वीकार कर दिया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इस अदालत ने इस संबंध में पहले से ही दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। अब्दुल्ला की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल और वकील निजाम पाशा ने सुनवाई के दौरान दलील दी कि अपने भाषणों के जरिए नफरत को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जस्टिस खन्ना ने कहा, ‘हमने याचिका देखी है और निश्चित रूप से कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं। लेकिन कुछ कार्रवाई की गई है और उन्होंने (पुलिस ने) प्राथमिकी दर्ज की है।’ पीठ ने कहा कि वह नफरत भरे भाषण दिए जाने की आशंका मात्र से किसी रैली को रोक नहीं सकती, हालांकि अगर हिंसा भड़कती है तो अदालत कार्रवाई कर सकती है क्योंकि इस आशय के आदेश हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…