डीसीएक्स सिस्टम्स के आईपीओ को आखिरी दिन 69.79 गुना अभिदान मिला – dcx systems ipo subscribed 6979 times on last day
नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) केबल और वायर हार्नेस असेंबलीज कंपनी डीसीएक्स सिस्टम्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को निर्गम के अंतिम दिन 69.79 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, कंपनी के आईपीओ को 1.45 करोड़ शेयरों की पेशकश पर 101.27 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
पात्र संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी) खंड में सबसे अधिक 84.32 गुना अभिदान मिला जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशक (आरआईआई) खंड में 61.77 गुना अभिदान मिला। वहीं गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में सबसे कम 43.97 गुना अभिदान मिला।
आईपीओ के तहत 400 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा कंपनी 100 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी लेकर आई है।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 197-207 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
डीसीएक्स सिस्टम्स ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 225 करोड़ रुपये जुटाए थे।
