दिल्ली में मंगलवार को CEC उपसमिति की बैठक:आ सकती है दूसरी सूची, सिंहदेव बोले- परफॉर्मेंस ही टिकट का आधार, भूपेश भी होंगे शामिल…

दिल्ली में 17 अक्टूबर को कांग्रेस सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की उपसमिति की बैठक होगी। इस बैठक में कांग्रेस की दूसरी सूची के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज बैठक में शामिल होंगे।
इस बैठक के बाद कांग्रेस की दूसरी सूची 18 या 20 अक्टूबर को जारी हो सकती है। संभावना है कि दूसरी सूची में लगभग 35-40 नाम होंगे। नए और पुराने चहरों को मिलकर ये लिस्ट जारी होगी। दिल्ली रवाना होने से पहले टीएस सिंहदेव ने कहा कि हमारा काम सुझाव देना है। हाईकमान तय करेगा कि नाम घोषित कब करना है।
60 सीटों पर घोषणा कल शाम या परसों तक- सिंहदेव
सेंट्रल इलेक्शन कमेटी की उपसमिति की बैठक में शामिल होने दिल्ली रवाना होने से पहले डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा- कांग्रेस की 60 बची सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कल शाम तक या परसों हो सकती है। मंगलवार को लंच से पहले छत्तीसगढ़ की सीटों पर चर्चा हो जाएगी। उन्होंने कहा कि परफॉर्मेंस ही टिकट का आधार होगा।
परफॉर्मेंस तय करेगा टिकट- सिंहदेव
टीएस सिंहदेव ने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है। अभी 30 सीटों की घोषणा में आठ सीटें बदली हैं। 60 में भी कुछ बदल सकते हैं। आधार परफॉर्मेंस होगा। हर आदमी एक जैसा नहीं खेलता। क्रिकेट की टीम बनती है तो वही आदमी 20 साल नहीं खेलता। क्रिकेट की टीम में चयन होता है तो कभी कोई ओपनर है, कभी कोई नंबर तीन है। अभी केएल राहुल फॉर्म में हैं। कभी शुभम गिल खेल रहा है। जरूरत के हिसाब से हमेशा बदलाव होता है।
दूसरी सूची में भी कटेगा विधायकों का टिकट
दूसरी सूची में भी 10 से 12 विधायकों के टिकट काटे जा सकते हैं। सर्वे के आधार पर जिन विधायकों की रिपोर्ट कमजोर हैं उन सभी को पार्टी इस बार टिकट नहीं दे रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर कांग्रेस के तमाम नेता लगातार ये कहते आए हैं कि पार्टी केवल जिताऊ उम्मीदवार को ही मैदान में उतारेगी। नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।
