दो बड़ी कंपनियों की गाड़ियां ही चोरों के टारगेट में:शहर में रोज 4 से ज्यादा बाइक चोरी, 9 माह में 1260 गाड़ियां हुईं गायब

राजधानी के अलग-अलग इलाकों के पार्किंग से मंगलवार को 8 से ज्यादा बाइक-मोपेड चोरी हुई है। सभी गाड़ियां लॉक थीं, जिसे चोर मास्टर और डुप्लीकेट चाबी से ले गए। कोई भी गाड़ी अब तक मिल नहीं पाई है। इसमें हीरो और होंडा की बाइक ज्यादा हैं। रायपुर में पिछले 9 माह में चोरी के 1400 से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं।
इसमें 90 फीसदी गाड़ी चोरी के केस दर्ज हैं। 10 फीसदी अन्य तरह की चोरी है। पुलिस सिर्फ 25-30 फीसदी मामले में गाड़ी बरामद कर पाई है। अधिकांश मामले में अब तक गाड़ियां नही मिली है। जबकि कई मामले में केस भी दर्ज नहीं हुआ है। आकड़ों पर नजर डाले तो शहर से रोजाना 4 से ज्यादा गाड़ियां चोरी हो रही हैं। इसमें बरामद करने की दर बहुत कम है।
पुलिस ने बताया कि गाड़ी चोरी की जब भी शिकायत आती है, तो उसकी जांच की जाती है। एक-दो दिन बाद केस दर्ज किया जाता है। पुलिस के अनुसार अधिकांशत: लोगों की लापरवाही से गाड़ियां चोरी होती हैं। लोग गाड़ी में चाबी भूल जाते हैं। गाड़ियों को लॉक नहीं करते हैं। कई बार दुकान या बाजार में लोग गाड़ी में चाबी छोड़कर चले जाते हैं। इसी चूक का फायदा उठाकर चोर गाड़ी लेकर भाग जाते हैं। लोग पुरानी गाड़ियों का लॉक भी नहीं बदलते हैं। वहीं, पार्किंग किराया बचाने के लिए लोग कहीं भी गाड़ियां पार्क कर चले जाते हैं।
दूसरे राज्यों में बिक रही चोरी की गाड़ी
रायपुर से चोरी हुई बाइक-मोपेड सबसे ज्यादा ओडिशा और झारखंड में बिकती है। वहां लोग बिना दस्तावेज के भी गाड़ी खरीद लेते हैं। उसका गांजा तस्करी और खेती के लिए उपयोग करते हैं। अब बिहार में भी रायपुर की गाड़ियां बिकने लगी हैं। नंबर प्लेट बदलकर गाड़ियों का कारोबार किया जा रहा है। इसमें बड़ा रैकेट सक्रिय है, जो फर्जी चैचिस नंबर से दस्तावेज भी तैयार कर लेते हैं।
पार्ट्स अलग-अलग कर बेचा जा रहा
गाड़ी चोरी करने के बाद गिरोह उसे कबाड़ी या यार्ड वाले को बेच देते हैं। वहां गाड़ी के एक-एक पार्ट्स को अलग-अलग किया जाता है। टायर, सीट कवर से लेकर एक-एक पार्ट्स को अलग-अलग बेचा जाता है। इससे मार्केट में चोरी की गाड़ियां आसानी से खप जाती है। गाड़ी मैकेनिक खरीद लेते हैं। चोरों को बिना दस्तावेज के गाड़ियों का अच्छा दाम मिल जाता है। अभी गिरोह पार्टस को अलग-अलग कर दूसरे राज्यों में बेच रहे हैं। गाड़ी के आयल और पेट्रोल निकालकर भी बेचा जा रहा है।
खमतराई में सबसे ज्यादा गाड़ी चोरी
मंगलवार को दशहरा पर कई जगह पर रावण दहन का कार्यक्रम था। वहां गए लोगों की बाइक चोरी हो गई। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में गेहेंद्र जायसवाल, डोमार साहू और निर्मल वर्मा की बाइक चोरी हो गई। खमतराई पुलिस गाड़ी की तलाश कर रही है। राजेंद्र नगर में बल्लूराम साहू, डीडी नगर में राजेश गाेयल, कबीर नगर में संतोष सिंह, मंदिर हसौद में अश्वनी वर्मा और संतोष सिंह की बाइक चोरी हो गई है। कुछ लोगों ने पुलिस में इसकी शिकायत की है। पुलिस गाड़ी चोरी की जांच कर रही हैं।
