पिडिलाइट इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 10 प्रतिशत घटा – pidilite industries net profit down 10 percent in q2
नयी दिल्ली, नौ नवंबर (भाषा) फेविकोल बनाने वाली पिडिलाइट इंडस्ट्रीज का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 10.06 प्रतिशत घटकर 337.75 करोड़ रुपये रह गया। कच्चे माल की महंगाई बढ़ने और ऊंची कीमत वाले माल भंडार की वजह से कंपनी का लाभ घटा है।
कंपनी ने इससे पूर्व वित्त वर्ष 2021-22 की दूसरी जुलाई-सितंबर तिमाही में 375.53 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
पिडिलाइट इंडस्ट्रीज ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि कंपनी की परिचालन आय आलोच्य तिमाही में 14.65 प्रतिशत बढ़कर 3,011.15 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले, इसी तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 2,626.35 करोड़ रुपये थी।
