पोन्नियिन सेल्वन ने ‘विक्रम’ को पछाड़ बनाया रिकॉर्ड, लाखों में सिमटी गॉडफादर की कमाई
15वें दिन भी Ponniyin Selvan: Part 1 की कमाई में 14वें दिन की तुलना में थोड़ा सा इजाफा दिखा। जहां 14वें दिन इस फिल्म ने देशभर में सभी भाषाओं में 2.84 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं 15वें दिन यह आंकड़ा 2.85 करोड़ रुपये था। हालांकि बताया जा रहा है कि अभी इस आंकड़े में कुछ बदलाव हो सकता है।
‘पोन्नियिन सेल्वन 1’ ने इस मामले में कमल हासन की ‘विक्रम’ को पछाड़ा
यहीं नहीं, अब ‘पोन्नियिन सेल्वन 1’ ने कमाई के मामले में तमिलनाडु में कमल हासन की फिल्म ‘विक्रम’ को भी पीछे छोड़ दिया है। जहां वर्किंग डेज पर भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही हैं, वहीं वीकेंड पर भी ‘पीएस-1’ की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस अच्छी है। ‘पीएस-1’ बॉक्स ऑफिस पर कुछ ही दिनों में 450 करोड़ का आंकड़ा पार कर जाएगी। लेकिन इससे पहले ही ‘पोन्नियिन सेल्वन 1’ तमिलनाडू में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है और इस कड़ी में इसने ‘विक्रम’ को पछाड़ दिया है। इसकी जानकारी साउथ फिल्मों के क्रिटिक और ट्रेड एक्सपर्ट रमेश बाला ने ट्विटर पर दी।
‘गॉडफादर’ का बुरा हाल, अब लाखों में सिमटी कमाई
वहीं चिरंजीवी की फिल्म ‘गॉडफादर’ का हाल और भी बुरा होता जा रहा है। फिल्म की कमाई 10वें दिन करोड़ों से सिमटकर लाखों में आ गई। पांच अक्टूबर को रिलीज हुई ‘गॉडफादर’ मूल रूप से तेलुगू भाषा में बनी है, लेकिन इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज किया गया। 9वें दिन इस फिल्म ने तेलुगू और हिंदी को मिलाकर कुल 1.11 करोड़ रुपये की कमाई की थी। लेकिन 10वें दिन यह कमाई गिर गई और फिल्म ने सिर्फ 82 लाख रुपये कमाए।
‘कांतारा’ कर देगी सफाई
‘गॉडफादर’ की अब तक कमाई 68.22 करोड़ रुपये हुई है। सिर्फ हिंदी वर्जन से इसने 7.82 करोड़ रुपये और तेलुगू वर्जन से 60.4 करोड़ रुपये कमाए। ‘गॉडफादर’ में सलमान खान का कैमियो भी हिंदी बेल्ट के दर्शकों को थिएटर्स में नहीं खींच पा रहा है। वैसे ही ‘गॉडफादर’ का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल है और अब इसका पूरी तरह से सफाया करने के लिए ‘केजीएफ’ मेकर्स की फिल्म ‘कांतारा’ के हिंदी वर्जन ने बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दे दी है, जो बंपर कमाई कर रही है।
