प्रिंसिपल ने डांटा तो 12वीं के स्टूडेंट ने गोलियां दागीं:बैग में लाया था तमंचा; नमस्ते किया, फिर फायर कर दिया

सीतापुर में प्रिंसिपल की डांट से नाराज होकर बारहवीं के स्टूडेंट ने उन्हें गोलियां मार दीं। उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले आरोपी छात्र का दूसरे स्टूडेंट से झगड़ा हुआ था। इस पर प्रिंसिपल ने उन्हें फटकार लगाई थी।
आरोपी छात्र वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना सदरपुर थाना क्षेत्र के आदर्श राम स्वरूप इंटर कॉलेज की है। शनिवार को प्रिंसिपल राम सिंह वर्मा क्लासेज का सुबह 8.30 बजे राउंड ले रहे थे। तभी अचानक इंटर का छात्र गुरविंदर सिंह उनके सामने आ गया। उसने बैग से तमंचा निकाला और ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं।
परिवार वालों से पहले ही कहा था- प्रिंसिपल को गोली मार दूंगा
आरोपी के परिवार वालों का कहना है कि उसने शुक्रवार को स्कूल में जो कुछ हुआ उसके बारे में घर पर चर्चा की थी। कहा- प्रिंसिपल ने मुझे मारा है मैं उन्हें कल गोली मार दूंगा। हालांकि, परिवार वालों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया।
