बक्सर धर्म संसद के लिए नीतीश-तेजस्वी को भी बुलावा, भागवत से योगी और गडकरी से लेकर राजनाथ तक होंगे शामिल
बक्सर में धर्म संसद का आयोजन
नीतीश और तेजस्वी को भी निमंत्रण
इस कार्यक्रम को लेकर अश्विनी चौबे ने कहा कि यूपी, महाराष्ट्र, एमपी, गोवा, सिक्कम, मणिपुर, असम, उत्तराखंड, हरियाणा के सीएम शामिल होंगे। इसके अलावा राजस्थान के राज्यपाल समेत सात राज्यों के गवर्नर शिरकत करेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी निमंत्रण दिया गया है, उनसे मेरी प्रार्थना होगी कि वो भी इस धर्म संसद में आएं और अपना मार्गदर्शन दें। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को भी निमंत्रण दिया गया है और बातचीत चल रही है। मिलने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मोहन भागवत भी आएंगे बक्सर
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद पहली बार आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत आ रहे हैं। बक्सर में आयोजित ‘सनातन संस्कृति समागम- रामराज्य की ओर’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में पद्म विभूषण जगतगुरु रामानंदाचार्य और स्वामी रामभद्राचार्य राम कथा ज्ञानयज्ञ करेंगे। इसके साथ ही जगतगुरु रामानुजाचार्य लक्ष्मी प्रपन्न जीयर स्वामी भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का अनुष्ठान करेंगे।
कार्तिक पूर्णिमा को उद्घाटन
ऐसा माना जाता है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पहली कर्मभूमि बक्सर थी। अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन का आयोजन भगवान राम की मर्यादा को प्रत्येक भारतीय में स्थापित करने के लिए किया जा रहा है। 8 नवंबर यानि कार्तिक पूर्णिमा के दिन अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन का उद्घाटन विश्व के महासंत करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत भी उपस्थित रहेंगे। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत अपने विचार भी रखेंगे। अश्वनी चौबे ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्रज्ञा प्रवाह राम प्रज्ञा ज्ञानयज्ञ और श्रीराम लोकमंथन ज्ञानोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें भारत के सभी क्षेत्र से विख्यात संत और जगतगुरु शामिल होंगे।
