बस्तर में 19 मई को होगी मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक, अमित शाह करेंगे अध्यक्षता…

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक लेकर बस्तर में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। यह अहम बैठक 19 मई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
बैठक में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से परिषद की बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न मुद्दों और तैयारियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य क्षेत्रीय परिषद राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी मंच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि परिषद के सदस्य राज्यों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है, जो आपसी सहयोग का सकारात्मक उदाहरण है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में इस स्तर की राष्ट्रीय बैठक का आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापना के बाद यह आयोजन बस्तर के बदलते माहौल और विकास की नई संभावनाओं को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सल उन्मूलन अभियान के कारण बस्तर में शांति का वातावरण बना है और अब क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
