Categories

November 19, 2026

मोदी बोले- मैं जनता का सेवक, मेरी औकात ही क्या:मधुसूदन मिस्त्री ने कहा था- इस चुनाव में औकात दिख जाएगी…

Spread the love

तेलंगाना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष की गालियों को पोषण का सोर्स बताया था। अब गुजरात में PM ने कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री के औकात वाले बयान पर तंज कसा है। सुरेंद्रनगर में सोमवार की सभा में मोदी ने कहा- मैं तो जनता का सेवक हूं, मेरी औकात ही क्या है। कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री ने कहा था- चुनाव में पीएम मोदी को औकात दिख जाएगी।

सुरेंद्रनगर में PM ने कहा, ‘कांग्रेस वाले कहते हैं कि मोदी को औकात दिखा देंगे। अहंकार है भाइयों अहंकार, मोदी को औकात दिखा देंगे। अरे माई-बाप आप तो राज परिवार से हैं, मैं तो एक सामान्य परिवार की संतान हूं। मेरी कोई औकात नहीं है। तुम मेरी औकात मत दिखाओ। मैं तो सेवादार हूं, नौकर हूं, सेवादार की कोई औकात नहीं होती है।’

मोदी बोले- औकात बनाने का खेल छोड़ दो भाई
सुरेंद्रनगर में मोदी बोले, ‘तुमने मुझे नीच कहा, नीची जाति का कहा। तुमने मौत का सौदागर कहा, गंदी नाली का कीड़ा कहा। तुम औकात बताने की बात कह रहे हो, हमारी कोई औकात नहीं है। मेहरबानी करके विकास के मुद्दे की चर्चा करो। विकसित गुजरात बनाने के लिए मैदान में आओ। औकात बनाने का खेल छोड़ दो भाई।’

राहुल गांधी की यात्रा पर भी मोदी का निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो लोग सत्ता से बाहर किए जा चुके हैं, वे यात्रा के जरिए वापसी करना चाहते हैं। उन्होंने लगातार दूसरे दिन नर्मदा प्रोजेक्ट की बात दोहराते हुए कहा- नर्मदा डैम परियोजना को तीन दशक तक ठप रखने वाली महिला के कंधे पर हाथ रखकर पदयात्रा करते हुए कांग्रेस नेता नजर आए हैं। यह चुनाव नर्मदा प्रोजेक्ट का विरोध करने वालों को हराने का चुनाव है।

गुजरात में मोदी के इलेक्शन कैंपेन में अब तक क्या कुछ हुआ, यह जानने से पहले यह जान लीजिए कि प्रधानमंत्री ने तेलंगाना की रैली में विपक्ष की गालियों को लेकर क्या कहा था

मोदी बोले- रोज 2-3 किलो गाली खाता हूं, मेरा शरीर गालियों को पोषण में बदल देता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 नवंबर को हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर जनता को संबोधित करते हुए कहा था उन्हें रोजाना 2-3 किलो गाली मिलती हैं, लेकिन उनका शरीर उन गालियों को पोषण में बदल देता है। यह बात उन्होंने BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि लोग मुझसे पूछते हैं कि मोदी जी आप थकते नहीं है क्या, तो मैं उनसे कहता हूं कि भगवान ने मेरे शरीर में कुछ ऐसा मैकेनिज्म बनाया है कि गालियां प्रोसेस होकर न्यूट्रिशन बन जाती हैं।

गुजरात में मोदी की यात्रा का तीसरा दिन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार गुजरात में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे सुरेंद्रनगर से पहले धोराजी, अमरेली और बोटाद में भी सभा कर चुके हैं। नीचे आप मोदी की सभाओं में दिए गए भाषणों के प्रमुख बिंदु देख सकते हैं….

धोराजी रैली- कांग्रेस नर्मदा बांध के विरोधियों के साथ
सोमवार को धोराजी की जनसभा में भी पीएम ने यही बात कही थी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा था- ‘कांग्रेस से पूछिए कि जो लोग नर्मदा बांध के खिलाफ थे, आज उन्हीं के कंधों पर हाथ रखकर आप पदयात्रा निकाल रहे हैं। क्यों भाई? इन लोगों ने गुजरात में नर्मदा प्रोजेक्ट का इतना विरोध किया था कि इस प्रोजेक्ट के लिए गुजरात को विश्व बैंक से एक रुपया भी नहीं मिल सका था। अगर हमने नर्मदा प्रोजेक्ट को आगे न बढ़ाया होता तो आज यहां की हालत पहले की तरह होती।’

अमरेली रैली- जनता से सेवा का एक और मौका मांगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के सोमनाथ के बाद धोराजी में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने जनता से सेवा का एक और मौका मांगा। पीएम मोदी ने कहा कि जिस गुजरात में पहले साइकिल तक नहीं बनती थी, अब हवाई जहाज बनने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नेता देश में यात्रा कर रहे हैं। उनकी पार्टी के नेताओं से जनता को पूछना चाहिए कि राजकोट में पानी की कमी को दूर करने के लिए उन्होंने क्या किया है। कांग्रेस के शासन में तो हैंडपंप लगाकर पल्ला झाड़ लिया जाता था

बोटाद रैली- गुजरात की जनता जीत का फैसला कर चुकी
प्रधानमंत्री मोदी ने धोराजी के बाद बोटाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हर तरफ से एक ही बात सुनने को मिल रही है फिर एक बार मोदी सरकार…। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, गुजरात की जनता ने अभूतपूर्व जीत का फैसला किया है। यह चुनाव न केवल अगले पांच वर्षों के लिए है, बल्कि यह निर्धारित करेगा कि गुजरात 25 वर्षों के बाद कैसा दिखेगा।

गुजरात में 1 और 5 दिसंबर को मतदान
राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, दोनों चरणों की मतगणना 8 दिसंबर को होगी। पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी हुआ था। स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 15 नवंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण के लिए 18 नवंबर की तारीख तय है। नाम वापसी की अंतिम तारीख पहले चरण के लिए 17 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 21 नवंबर तय की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…