Categories

November 19, 2026

राज्य में अब 77 फीसदी आरक्षण, जानिए इस फैसले का झारखंड की राजनीति पर किस तरह से पड़ेगा दूरगामी असर

Spread the love

रांची: झारखंड में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों को 77 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। झारखंड विधानसभा के एकदिवसीय विशेष सत्र में शुक्रवार को इससे संबंधित ‘झारखंड पदों एवं सेवाओं की रिक्तियों में आरक्षण (संशोधन) विधेयक, 2022’ को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी गई।

ओबीसी के अलावा एसटी-एससी को मिलने वाले आरक्षण में भी बढ़ोत्तरी
इस विधेयक के पारित हो जाने से ओबीसी के अलावा एसटी और एससी को मिलने वाले आरक्षण प्रतिशत में भी बढ़ोत्तरी हुई है। विधानसभा के विशेष सत्र में सीएम हेमंत सोरेन ने इस विधेयक को पेश करते हुए बताया कि सीधी भर्ती से राज्य में होने वाली सरकारी नियुक्तियों में 77 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, जबकि मेरिट से 23 प्रतिशत पद भरे जाएंगे। इस विधेयक के अनुसार अब राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 12, अनुसूचित जनजाति के लिए 26, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (अनुसूची-1) के लिए 15, पिछड़ा वर्ग (अनुसूची-2) के लिए 12, आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों का वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। यानी सरकारी नौकरियों में इनके लिए 77 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान होगा।

2001 में मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन
सीएम हेमंत सोरेन की ओर से बताया गया कि 15 नवंबर 2000 को अलग झारखंड राज्य गठन के बाद राज्य में आरक्षण का प्रतिशत पुनर्निधारित करने के लिए 2001 में तत्कालीन सीएम बाबूलाल मरांडी की ओर से तत्कालीन कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा की अध्यक्षता में एक मंत्रिमंडलीय उप समिति का गठन किया गया था। इस समिति ने सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए 71 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव दिया, जिसमें अनुसूचित जाति के लिए 12, अनुसूचित जनजाति के लिए 32, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 16 प्रतिशत और पिछड़ा वर्ग के लिए 9 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान रखा गया।

73 प्रतिशत आरक्षण का किया गया था प्रावधान
बाबूलाल मरांडी की सरकार ने इस रिपोर्ट के आधार पर कुल 73 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया, जिसमें अनुसूचित जाति को 14, अनुसूचित जनजाति को 32, अत्यंत पिछड़ा वर्ग को 18 और पिछड़ा वर्ग को 9 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।

हाईकोर्ट ने आरक्षण सीमा को 50 प्रतिशत के अंदर रखने का दिया आदेश
वर्ष 2002 में उच्च न्यायालय ने रजनीश मिश्रा बनाम राज्य सरकार और अन्य के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई पूरी करते हुए अदालत ने आरक्षण सीमा को 50 प्रतिशत तक सीमित रखने का आदेश दिया। जिसके बाद राज्य में अनुसूचित जाति के लिए 10, अनुसूचित जनजाति के लिए 26 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत आरक्षण (अत्यंत पिछड़ा वर्ग और पिछड़ा वर्ग को एक समेकित कोटि मानकर) देने का निर्णय लिया गया है।
Rabindranath Mahto:नई स्थानीय और आरक्षण नीति से बदलेगी झारखंड की तकदीर, कानूनी अधिकार मिलने से आएगा बड़ा बदलाव-स्पीकर
2019 में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग को मिला 10 प्रतिशत आरक्षण
इस बीच भारतीय संविधान के 103वें संशोधन अधिनियम के आलोक में झारखंड पदों एवं सेवाओं की रिक्तियों में आरक्षण (अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों एवं पिछड़े वर्ग के लिए) संशोधन अधिनियम 2019 के आलोक में (झारखंड अधिनियम-13,2019) के तहत 60 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया। इसके तहत अनुसूचित जाति के लिए 10, अनुसूचित जनजाति के लिए 26, अत्यंत पिछड़ा वर्ग (अनुसूची वर्ग-1) के लिए 8 और पिछड़ा वर्ग (अनुसूची-2) के लिए 6 प्रतिशत आरक्षण के अलावा आर्थिक रूप से कमजोर नागरिकों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया।

ओबीसी आरक्षण बढ़ाने की मांग को ध्यान में रखकर फैसला
सीएम हेमंत सोरेन की ओर से विधानसभा में पेश विधेयक में बताया गया है कि ओबीसी की ओर से आरक्षण की सीमा बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। जबकि केंद्र सरकार पर भी ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण और पड़ोसी राज्य बिहार में पिछड़ा वर्ग को 30 प्रतिशत आरक्षण देय है। मंत्रिमंडलीय उपसमिति की रिपोर्ट में ओबीसी की जनसंख्या 32 प्रतिशत से ज्यादा आकलित किया गया था। इसके साथ ही अनुसूचित जाति की जनसंख्या 12 प्रतिशत और 1971 की जनगणना के अनुसार अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या 32.12 अंकित की गई थी। यह बात भी सामने आई है कि अनुसूचित जनजाति की जनसंख्या 1941 की जनगणन के बाद से कम हो रही है, इस वर्ग को संरक्षित करने के उद्देश्य से 32 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया गया था। इस तरह से राज्य में पिछड़ों की आबादी लगभग 76प्रतिशत के आसपास है, जिसमें एसी, एसटी, ओबीसी-1 और ओबीसी-2 शामिल है। इसलिए इनके विकास के मार्ग को प्रशस्त करने के लिए आरक्षण प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…