राहुल का भारत जोड़ो यात्रा में मिलेगा दमदार हाथ, जानें अब कौन दिग्गज नेता होगा यात्रा का हिस्सा
प्रियंका पहले यात्रा में शामिल नहीं हो सकीं, क्योंकि वह हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार में व्यस्त थीं। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को मतदान हो चुका है। अब 8 दिसंबर को हिमाचल की किस्मत का फैसला हो जाएगा। हिमाचल चुनाव में सत्ताधारी दल बीजेपी और विपक्षी कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश में आखिरी क्षण तक मोर्चा संभाले रही थीं। उत्तर प्रदेश में विधानसभ चुनाव के बाद हिमाचल उनके लिए बड़ा इम्तिहान साबित होने वाला है। हिमाचल प्रदेश में अगर कांग्रेस सफल होती है उसका क्रेडिट भी प्रियंका गांधी को जाएगा।
आधी दूरी तय कर चुकी है यात्रा
कांग्रेस ने 7 सितंबर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत कन्याकुमारी से की थी। यह यात्रा कश्मीर में समाप्त होगी। भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश तेलंगाना और महाराष्ट्र से होकर गुजर चुकी है। यात्रा 7 नवंबर को महाराष्ट्र में पहुंची थी। यहां लगभग दो हफ्ते में यह पदयात्रा राज्य के नांदेड़, हिंगोली, वाशिम, अकोला और बुलढाणा जिलों में 15 विधानसभा और छह संसदीय क्षेत्रों से गुजरी। राहुल ने यात्रा के महाराष्ट्र चरण में दो रैलियों को भी संबोधित किया। पहली रैली नांदेड़ में 10 नवंबर और दूसरी रैली शेगांव में शुक्रवार को हुई थी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कुल निर्धारित 3,570 किलोमीटर में से अब तक लगभग आधी दूरी तय कर चुकी है।
