सड़कों से हटाए गए व्यापारियों का होगा व्यवस्थापन:एजाज ढेबर ने कहा- किस अदृश्य शक्ति के कहने पर अधिकारी काम कर रहे…

रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने बुधवार को निगम मुख्यालय में जोन कमिश्नरों और अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि मेरी बिना जानकारी के शहर में तोड़फोड़ की कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद ऐसी कौन सी अदृश्य शक्ति है, जिसके कहने पर अधिकारी काम कर रहे हैं। यह बात मैं भी जानना चाहता हूं।
इस बैठक में कामों की समीक्षा के साथ-साथ शहर में हो रहे बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी चर्चा की गई। साथ ही सड़क से हटाए गए दुकानों के व्यवस्थापन को लेकर जानकारी ली। महापौर ने बताया कि तोड़फोड़ की कार्रवाई से आज शहर के 70 वार्ड प्रभावित हुए हैं। मैं तोड़फोड़ के खिलाफ नहीं हूं, लेकिन कोई कार्रवाई की जा रही है, तो पहले व्यवस्थापन किया जाए।
अधिकारियों से मांगा जवाब
नगर निगम में जिन लोगों को व्यवसाय के लिए ठेला दिया था। ऐसे लोगों को भी हटा दिया गया है। एजाज ढेबर ने हटाए गए ठेलों के व्यवस्थापन की जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि शहर में 5000 वेंडिंग की व्यवस्था है। व्यापारियों को कहां व्यवस्थापन किया गया है ?
मौखिक आदेश पर हुई कार्रवाई
मेयर ने बताया कि अधिकारियों से यह पूछा गया है कि तोड़फोड़ की कार्रवाई किसके आदेश पर की गई है। मौखिक आदेश था या लिखित आदेश था। अधिकारियों ने बताया कि मौखिक आदेश के अनुसार कार्रवाई की गई है।
शहर में ठेले की संख्या बढ़ी
हम शहर को व्यवस्थित और अच्छा करना चाहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम किसी गरीब की रोजी रोटी से खिलवाड़ करेंगे। कोरोना के बाद घर से लोग बेघर हुए। जिन लोगों की नौकरियां गई, उन लोगों ने परिवार चलाने के लिए सड़कों पर दुकान लगाकर काम किया।
इस तरह से अचानक लोगों को हटाना ठीक नही हैं। मैंने कहा है कि जिन लोगों को नगर निगम ने कार्ड और लाइसेंस बांटे हैं। जिन्हें कार्रवाई के नाम पर हटाया उनकी व्यवस्था करनी चाहिए।
गुरुवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक
महापौर एजाज ढेबर ने गुरुवार को मेयर इन काउंसिल की बैठक बुलाई है। जिसमें ठेले गुमटी को विस्थापित करने, शहर के कई जगहों को वेंडिंग जोन के तौर पर लाने, अमृत योजना के काम और शहर विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
