5 वजह से पिछड़े अरविंद केजरीवाल, हिमाचली लोगों का ‘2 पार्टी सिस्टम’ में ही भरोसा | Himachal Assembly Elections 2022: Reasons Behind Arvind Kejriwal and Aam Admi Party on Backfoot in Himachal

[ad_1]
शिमला2 दिन पहले
- कॉपी लिंक

क्या आम आदमी पार्टी (AAP) ने हिमाचल का मैदान छोड़ दिया है? एंट्री तो बड़े जोश से धमाकेदार की थी, लेकिन अब ऐसा लग रहा है। ‘झाड़ू’ पहाड़ की सियासी चढ़ाई नहीं चढ़ पा रहा, क्योंकि विधानसभा चुनाव का ऐलान हो चुका है। भाजपा-कांग्रेस समेत अन्य दल टिकटों का ऐलान और प्रचार करने में जुटे हैं, लेकिन AAP कहीं नजर नहीं आ रही। न उम्मीदवार घोषित किए, न कोई रैली। हलचल तक नहीं दिख रही।
सवाल यह उठता है कि जिस तरह की सक्रियता अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेताओं ने पंजाब में जीत के बाद हिमाचल में दिखाई थी, उसमें इतनी जबरदस्त गिरावट क्यों आ गई है? हिमाचल प्रदेश, पंजाब से सटा राज्य है और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है। ऐसे में निश्चित रूप से अरविंद केजरीवाल को ज्यादा ताकत इस छोटे राज्य में लगानी चाहिए थी, क्योंकि यहां उनको चुनावी सफलता मिल सकती है।
शुरुआत में केजरीवाल ने ऐसा किया, लेकिन अब वे गुमनाम नजर आ रहे हैं, साथ ही उनकी पार्टी भी हिमाचल से गौण हो चुकी है। आखिर क्यों आम आदमी पार्टी हिमाचल से जुड़ नहीं पा रही, आइए इसके पीछे के कारणों को सिलसिलेवार ढंग से जानते हैं…

झाड़ू क्यों नहीं चढ़ पा रहा पहाड़ की चढ़ाई, इसके अलग-अलग कारण…
पहली वजह: लोगों का भरोसा स्थापित पार्टी होना
हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस सालों से लोगों के बीच हैं व आज दोनों प्रदेश में पूर्ण स्थापित दल हैं। भाजपा का करीब 40 साल का इतिहास हो चुका है। कांग्रेस भी कई बार सरकार बना चुकी है। कांग्रेस के वीरभद्र सिंह 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। ऐसे में लोगों का एकदम से आम आदमी पार्टी पर भरोसा करना संभव नहीं है।
दूसरी वजह: पहाड़ के लोग फ्री-सेवाओं पर कम भरोसा करते
दुनिया जानती है कि हिमाचल प्रदेश पहाड़ों का राज्य है और पहाड़ों के रास्तों की तरह वहां के लोगों की जिंदगी भी बेहद दुर्गम है। जितना मुश्किल पहाड़ों को चढ़ना है, उससे ज्यादा मुश्किल पहाड़ों में रहकर जीवन यापन करना है। प्रदेश के लोग सीधे-सादे लोग हैं। आत्मसम्मान का जीवन जीते हैं, वे फ्री की सेवाएं लेना ज्यादा पसंद नहीं करेंगे।
तीसरी वजह: अब तक कोई बड़ा चेहरा नहीं जुड़ना
AAP के पास कोई बड़ा व दमदार चेहरा नहीं है। पंजाब के नतीजे आने के बाद हिमाचल के कई नेताओं ने AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से संपर्क भी साधा, लेकिन तब AAP ने आम वर्कर्स के साथ आगे बढ़ने की इच्छा जताई। किसी को भी टिकट देने का वादा नहीं किया, इसलिए लोग पार्टी से नहीं जुड़े।

चौथी वजह: अरविंद केजरीवाल द्वारा समय नहीं देना
हिमाचल में आम आदमी पार्टी के पिछड़ने की एक वजह अरविंद केजरीवाल का समय नहीं देना है। पिछले 3 महीनों में केजरीवाल ने पूरा जोर गुजरात पर ही लगाया है और ऐसा लगता है कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश से मुंह मोड़ लिया है। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है, लेकिन पार्टी के सबसे बड़े चेहरे और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल में अपनी सक्रियता लगभग शून्य कर दी है।
5वीं वजह: सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार के आरोप
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन को हिमाचल प्रदेश में पार्टी का प्रभारी बनाया था, लेकिन जैन को मई के आखिर में ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था और वह जेल में हैं। तब से प्रभारी जैसा अहम पद खाली था और 14 अक्टूबर को ही पार्टी ने पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया है। नए प्रभारी को वर्किंग समझने में ही अभी वक्त लगेगा, लेकिन चुनाव घोषणा हो चुकी है और समझने का समय ही नहीं है। ऐसे में वे पार्टी को लोगों के बीच में कैसे लेकर जाएंगे।

केजरीवाल ने की थी एक मौका देने की अपील
मार्च 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में भारी भरकम जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश के ताबड़तोड़ दौरे किए थे। केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश की जनता से बड़े वादे किए और बड़े बदलावों के लिए एक मौका देने की अपील की। केजरीवाल ने हिमाचल की जनता से सरकार बनते ही पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, युवाओं को हर महीने 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने, महिलाओं को 1000 रुपए प्रति माह की स्त्री सम्मान राशि देने जैसे कई बड़े वादे किए, जो ऐन चुनाव के मौके पर पार्टी की गैर-मौजूदगी से झूठे साबित होते दिख रहे हैं।
9 सियासी दल खा चुके मात
हिमाचल में AAP से पहले 9 अलग-अलग सियासी दल तीसरा विकल्प देने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन सभी के हाथ नाकामी लगी। इनमें तृणमूल कांग्रेस (TMC), समाजवादी पार्टी (SP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), शिव सेना, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (NCP), जनता दल, लोक जनशक्ति पार्टी (LJP), माकपा, भाकपा, हिमाचल लोकहित पार्टी (हिलोपा), हिमाचल विकास कांग्रेस (हिविकां) सहित कई अन्य दल अपनी किस्मत आजमा चुके हैं, लेकिन यहां की जनता ने इन दलों को बुरी तरह से नकारा है।

हिविकां ने कांग्रेस को सत्ता से किया था दूर
भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसे पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुख राम ने कांग्रेस छोड़ने के बाद 1998 में हिमाचल विकास कांग्रेस का गठन करके सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ा था। तब मंडी जिले की 4 व लाहौल-स्पीति की 1 सीट को छोड़ कर मतदाताओं ने हिविकां को पूरी तरह से नकार दिया था। 5 सीटें जीत हिविकां कांग्रेस पार्टी को सत्ता से दूर रखने में सफल जरूर रही थीं, लेकिन भाजपा को समर्थन देकर धूमल ने सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 2003 में वोटरों ने हिविकां को पूरी तरह से नकार दिया था।
महेश्वर सिंह भी बना चुके हिलोपा
भाजपा से रिश्तों में खटास के बाद पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने भी 2012 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल लोकहित पार्टी का गठन किया था। तब हिलोपा ने भी सभी हलकों में विधानसभा चुनाव लड़ा, लेकिन सिर्फ महेश्वर सिंह ही चुनाव जीत पाए थे।
लोजपा से महेंद्र सिंह ठाकुर जीते
रामविलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी हिमाचल में अपनी जड़ें जमाने का प्रयास किया। तब महेंद्र सिंह ठाकुर को छोड़ कोई अन्य प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा पाया था।

कांग्रेस की मजबूती से भी पिछड़ी AAP
पंजाब समेत 5 राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद हिमाचल कांग्रेस पूरी तरह बिखर-सी गई थी। तब राज्य में कांग्रेस का एक धड़ा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के खिलाफ भी लॉबिंग करने लगा। इससे मार्च और अप्रैल माह में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह बैकफुट पर आ गई और पंजाब के नतीजों से उत्साहित AAP राज्य में अपने आप को स्थापित करने लगी। पार्टी को इसमें कामयाबी भी मिली।
तब ऐसा माना जाने लगा कि सत्तारूढ़ भाजपा का AAP से ही मुकाबला होगा, लेकिन मई में कांग्रेस हाईकमामन ने वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को कांग्रेस की कमान सौंपी और कई पदाधिकारियों की जंबो कार्यकारिणी बनाई। इसके बाद राज्य में कांग्रेस आक्रामक हो गई। चुनाव अधिकारियों की नियुक्त करके और प्रियंका को चुनावी रण में उतारकर कांग्रेस ने धमाकेदार वापसी की है।
कांग्रेस के ट्रैक पर आने से AAP पिछड़ती गई और कई आम आदमी पार्टी नेता भी कांग्रेस में शामिल हुए। कुछ नेताओं ने भाजपा का दामन भी थामा।
[ad_2]
Source link
