Categories

November 19, 2026

रूस-यूक्रेन लड़ाई शुरू होने के बाद दस गुना बढ़े कंटेनर के रेट

Spread the love

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग के साइड इफेक्ट्स दिखने शुरू हो गए हैं। पूरी दुनिया में कंटेनर रेट्स और इंश्योरेंस कॉस्ट में काफी तेजी आई है। यूक्रेन के खिलाफ रूस का सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से कंटेनर के रेट में दस गुना बढ़ोतरी हुई है। इससे देश में आयात होने वाली चीजों की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है।

शिपिंग इंडस्ट्री पहले ही जहाजों और कंटेनर्स की कमी से जूझ रही थी लेकिन रूस के खिलाफ अमेरिका और उसके सहयोगी देशों की पाबंदियों से स्थिति और बदतर हो गई है। बिजनस अखबार मिंट की एक रिपोर्ट में इंडियन नैशनल शिपऑनर्स एसोसिएशन (INSA) के सीईओ अनिल देवली के हवाले से कहा गया है कि पिछले 10 दिन में टैंकर्स और जहाजों का डेली रेट 3,000 डॉलर से बढ़कर 30,000 से 40,000 डॉलर हो गया है।

इसकी वजह यह है कि रूस और यूक्रेन से जहाजों की सप्लाई करीब बंद हो गई है। देवली ने कहा कि जहाजों का वार रिस्क प्रीमियम भी तीन से पांच फीसदी बढ़ गया है। कई विदेशी जहाज ब्लैक सी और अजोव सागर के आसपास फंसे हुए हैं। टोटल ट्रांसपोर्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड के मार्कंड प्रधान ने कहा कि फ्रेट में तीन गुना बढ़ोतरी हुई है। पहले 20 फीट के कंटेनर का सेंट पीटरबर्ग से मुंबई का किराया 6,000 डॉलर हुआ करता था जो अब 17,000-18,000 डॉलर पहुंच गया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में लगातार तेजी आ रही है और यूक्रेन-रूस के बीच फिलहाल शांति की उम्मीद नहीं दिख रही है। ऐसे में फ्रेट में आगे बढ़ोतरी जारी रहने की आशंका है। देवली ने कहा कि रूसी जहाजों की मांग में गिरावट से संकट बढ़ गया है। शिपिंग कंपनियों को डर है कि रूस कार्गो ले जाने से उनपर प्रतिबंध लग सकता है। रूस से कोकिंग कोल का आयात भी प्रभावित होने की आशंका है।

इसका असर भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय कारोबार पर पड़ सकता है। भारत रूस के 2.6 अरब डॉलर का निर्यात करता है और वहां से 5.5 अरब डॉलर का आयात करता है। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के सीईओ अजय सहाय के मुताबिक इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में फ्रेट रेट्स में कमी की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन रूस और यूक्रेन में लड़ाई लंबी चली तो फिर हाल-फिलहाल इसकी संभावना नहीं है।

INSA के आंकड़ों के मुताबिक रूसी शिपिंग कंपनियों के पास करीब 3,000 जहाज हैं जिनकी कुल क्षमता 1.81 करोड़ टन है। यह दुनिया की कुल क्षमता का करीब 1.2% है जबकि भारतीय जहाजों की कुल क्षमता 0.8% है। दुनिया की दिग्गज शिपिंग कंपनी A.P. Moller–Maersk का कहना है कि वह रूस पर नए प्रतिबंधों से उपजी स्थिति पर नजर रखे हुए है। रूस-यूक्रेन लड़ाई के कारण दुनियाभर में महंगाई बढ़ने लगी है। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में इसका असर भारत में भी देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 हिमाचल प्रदेश: शिमला में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया..

फिर से हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके, CJP को कनॉट प्लेस में ‘तिरंगा मार्च’ के लिए नहीं मिली परमिशन…

रूस से तेल खरीदने पर भारत पर कोई टैरिफ नहीं, ट्रंप ने 100% टैरिफ लगाने वाले कानून पर लगाई रोक…

प्रयागराज का कसारी-मसारी अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ नाम से विकसित होगा: सीएम योगी…