Categories

April 29, 2026

कोरोना: बूस्टर डोज भी मिलेगी मुफ्त, 15 जुलाई से शुरू होगा अभियान; इनको फायदा

Spread the love

नई दिल्ली
देश में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बूस्टर डोज भी अब फ्री में लोगों को मुहैया कराने की तैयारी है। 18 से 59 साल तक की उम्र के लोगों को यह सुविधा सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर मिल सकती है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक 15 जुलाई से विशेष अभियान के तहत यह सुविधा दी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि 75 दिनों तक यह अभियान चलेगा। इसके तहत पहले लगीं दो वैक्सीन डोज की तरह ही लोग सरकारी केंद्रों में जाकर बूस्टर डोज लगवा सकेंगे। बता दें कि कोरोना संक्रमण की दर में बीते कुछ वक्त से इजाफा देखने को मिल रहा है और इसी के चलते सरकार ने लोगों से बूस्टर डोज लगवाने की अपील की है।

हालांकि एक वर्ग की मांग थी कि पहले की दो खुराकों की तरह ही बूस्टर डोज भी मुफ्त में मुहैया कराई जानी चाहिए। इसी बीच सरकार ने अब इस टीके को भी मुफ्त में ही दिए जाने का फैसला लिया है। सरकारी अधिकारियों ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 75 दिनों का यह विशेष अभियान चलाया जाएगा। अब तक 18 से 59 साल की आयु के 77 करोड़ लोगों में से सिर्फ एक फीसदी लोगों ने ही बूस्टर डोज लगवाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि मुफ्त टीकाकरण की पहल से इस आंकड़े में बड़ा इजाफा होगा और लोग सरकारी केंद्रों पर जाकर बचाव के लिए बूस्टर डोज लेंगे।

6 महीने तक रहता है शुरुआती दो डोज का असर
आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि अब तक 60 साल या उससे अधिक आयु के लोगों और फ्रंटलाइन वर्कर्स में से 26 फीसदी ने बूस्टर डोज लगवा ली है। एक अधिकारी ने कहा, 'बीते 9 महीनों में देश के ज्यादातर लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। आईसीएमआर और अन्य वैश्विक संस्थाओं की स्टडी के मुताबिक दो डोजों से जो प्रतिरोधक क्षमता विकसित होती है, उसका असर 6 महीने तक बना रहता है। लेकिन उसके बाद एक बार फिर से बूस्टर डोज की आवश्यकता होती है।' इसलिए सरकार ने यह फैसला लिया है कि 18 से 59 साल की आयु के लोगों को मुफ्त में बूस्टर डोज की सुविधा मुहैया कराई जा सके।

87 फीसदी लोगों को लग चुके कोरोना के दोनों टीके
बता दें कि बीते सप्ताह ही स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की दूसरी डोज और बूस्टर डोज लेने के बीच के अंतर को घटाकर 6 महीने कर दिया था, जो पहले 9 महीने था। इसके अलावा देश में ज्यादातर लोगों को टीकाकरण के दायरे में लाने के लिए 1 जून से 'हर घर दस्तक अभियान 2.0'  की भी शुरुआत की गई थी। दो महीने का यह अभियान फिलहाल जारी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में टीकाकरण के योग्य लोगों में से 96 फीसदी ने पहली डोज ले ली है। इसके अलावा 87 फीसदी लोग पहला टीका लगवा चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Developed by WES. | Privacy Policy

Latest News

 बस-ट्रक की टक्कर में चार की मौत, 20 घायल; ओडिशा के सुंदरगढ़ में NH-143 पर हुआ सड़क हादसा…

गुजरात निकाय चुनावों में भाजपा का दबदबा, अब तक 2531 सीटों पर दर्ज की जीत…

हजारों करोड़ की सौगात देने से पहले युवाओं के बीच प्रधानमंत्री, गंगटोक में खेले फुटबॉल…

 बंगाल में बोले पीएम मोदी- चार मई के बाद बनेगी भाजपा सरकार, अब शपथ ग्रहण में आऊंगा…