अजमेर में खराब पड़ी पोस मशीनों को सही करवाया जाएगा : खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री

जयपुर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सोमवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि अजमेर जिले में यदि कोई पोस मशीन खराब है तो उनको दुरूस्त करवा दिया जाएगा।
श्री खाचरियावास ने प्रश्नकाल में विधायकों द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि अजमेर के किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में खराब पड़ी पोस मशीनों को संबंधित फर्म को आदेश देकर शीघ्र रिपेयर करवा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अजमेर जिले में भी पोस मशीन ठीक करने के कई केन्द्र बनें हुए है वहां पर भी रिपेयरिंग कराई जा सकती है।
इससे पहले श्री खाचरियावास ने विधायक श्री सुरेश टाक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र किशनगढ़ में सभी उचित मूल्य की दुकानों पर उपलब्ध कराई गई पोस मशीन चालू है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पोस मशीन के रखरखाव हेतु अधिकृत फर्म द्वारा पोस मशीन में समस्या आने पर मशीन की रिपेयर या बदलने की कार्यवाही की जाती है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पुरानी पोस मशीन के खराब होने की समस्या का निस्तारण करने के क्रम में आगामी चार वर्षों में चरणबद्ध रूप से नवीन मशीनों से बदलने हेतु कार्यादेश जारी कर दिये गये है।
