deoghar airport, प्रवासियों ने बढ़ाई देवघर एयरपोर्ट की रौनक… , त्योहार के सीजन में फ्लाइट टिकट दोगुने से ज्यादा महंगे – the glory of deoghar airport increased due to diwali and chhath mahaparv
देवघर हवाई अड्डे से उड़ान की शुरुआत हुए तीन महीने का वक्त पूरा होने को है। फिलवक्त इस एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रतिदिन और कोलकाता के लिए हफ्ते में चार दिन की उड़ान सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। जबकि, 30 अक्टूबर से रांची के लिए भी फ्लाइट शुरू होनी है।
छठ और दीपावली को लेकर बढ़ी डिमांड
शुरुआती दौर में उड़ान सेवा शुरू होते ही एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों का रुझान देखा गया। यह सावन महीने तक जारी रहा। लेकिन, भादो महीना शुरू होते ही यात्रियों की संख्या में 25 से 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गइ। लेकिन, दीपावली और छठ के नजदीक आते ही एक बार फिर यात्रियों की संख्या में जबरदस्त इजाफा हुआ है। फिलहाल, दिल्ली और कोलकाता से देवघर आने वाली फ्लाइट की 95 फीसदी सीटें फुल है। जबकि, वापसी के लिए भी 50 से 60 फीसदी टिकट की बिक्री हो चुकी है। इतना ही नहीं बुकिंग की संख्या बढ़ते ही किराया भी दोगुने से ज्यादा हो गया है।
पटना, रांची और बंगलुरु के लिए फ्लाइट की हो रही है मांग
देवघर एयरपोर्ट से फिलहाल कोलकाता और दिल्ली के लिए उड़ान सेवा तो जारी है। लेकिन, रांची पटना और बंगलुरु के लिए भी फ्लाइट शुरू करने को लेकर काफी समय से मांग हो रही है। दरअसल, संताल परगना के अलावा बिहार के सीमावर्ती जिलों भागलपुर बांका जमुई और मुंगेर से बड़ी संख्या में छात्र और कारोबारी बंगलुरु जाते है। ऐसे में अगर देवघर हवाई अड्डा से बंगलुरु के लिए सीधी हवाई सेवा की शुरुआत होती है तो, यहां के एयरपोर्ट की सिर्फ आमदनी ही नहीं बढ़ेगी बल्कि, इलाके में पर्यटन समेत आर्थिक गतिविधि में भी इजाफा होगा।
दिल्ली से पटना पहुंचे तेजस्वी यादव
कैसा रहा देवघर एय़रपोर्ट के अबतक का सफर?
बीते चार महीनों के दौरान देवघर एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता तक के लिए ऑपरेशनल हवाई सेवा के दौरान सिर्फ जुलाइ महीने में 24 फ्लाइट ने उड़ान भरी जिनमें 2820 मुसाफिरों ने सफर किया। जिनमें देवघर आनेवालों की संख्या 1400 रही। जबकि, देवघर से जाने वाले यात्रियों की संख्या 1420 दर्ज की गई।
बात अगस्त महीने की करें तो,कुल 98 फ्लाइट्स ने उड़ान भरी जिनमें कुल 12881 यात्रियों ने सफर किया। इनमें 6475 आने वाले और 6406 जाने वाले यात्री शामिल थे। वहीं, बात सितंबर महीने की करें तो इस महीने में कुल 80 फ्लाइट ने उड़ान भरी जिनमें कुल 11005 मुसाफिरों ने हवाई सफर का आनंद उठाया,जिनमें 5521 देवघर आने वाले यात्री थे। जबकि, 5484 यात्रियों ने देवघर हवाई अड्डे से कोलकाता और दिल्ली के लिए उड़ान भरा।
