जल जीवन मिशन: प्रदेश में मौजूदा वित्तीय वर्ष में हर घर जल कनेक्शन की संख्या अब 4 लाख के पार

जयपुर। प्रदेश में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत ग्रामीण परिवारों को चालू वित्तीय वर्ष में हर घर जल कनेक्शन की संख्या अब 4 लाख के पार पहुंच गई है। शनिवार तक की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार राज्य में जेजेएम के तहत इस वित्तीय वर्ष में 4 लाख 3 हजार 867 ग्रामीण परिवारों को नए कनेक्शन दिए जा चुके है। इसमें रेग्यूलर विंग में 3 लाख 10 हजार 134 तथा वृहद पेयजल परियोजनाओं में 93 हजार 733 ‘हर घर जल’ कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
जलदाय मंत्री डॉ. महेश जोशी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा और मार्गदर्शन के अनुसार विभाग द्वारा प्रदेश में वर्ष 2024 तक सभी ग्रामीण परिवारों को हर घर जल कनेक्शन देने पर पूरी तरह फोकस करते हुए जेजेएम के कार्यों को गति दी जा रही है। अधिकारियों को कड़ी मेहनत और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए पेयजल आपूर्ति में गुणवत्ता और प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की निर्धारित मात्रा भी बराबर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो तीन माह में जेजेएम की प्रगति में गुणात्मक वृद्धि देखने को मिली है, गत एक माह से प्रतिदिन औसतन 3500 नए ग्रामीण परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन की सुविधा से जोड़ा जा रहा है, आने वाले दिनों में इसमें निरंतर गति आएगी।
दोगुना से अधिक हुए हर घर जल कनेक्शन वाले परिवार
डॉ. जोशी ने बताया कि अगस्त 2019 में जेजेएम के आरम्भ होने से पहले प्रदेश में 11 लाख 74 हजार 131 परिवारों को हर घर जल कनेक्शन की सुविधा प्राप्त थी। मुख्यमंत्री श्री गहलोत के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने इसके बाद 11 लाख 90 हजार 698 ग्रामीण परिवारों को हर घर जल कनेक्शन और दे दिए हैं। इस प्रकार जेजेएम की शुरूआत के बाद राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल कनेक्शन वाले परिवारों की संख्या दोगुना से भी अधिक हो गई है, वर्तमान में प्रदेश में 23 लाख 64 हजार 829 ग्रामीण परिवारों को हर घर जल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में 1113 गांवों तथा 94 ग्राम पंचायतों में निवासरत सभी परिवारों को ‘हर घर जल’ कनेक्शन से जोड़ दिया गया है।
38 हजार से अधिक गांवों में 91 लाख से ज्यादा हर घर जल कनेक्शन की स्वीकृतियां
जलदाय मंत्री ने बताया कि विभाग द्वारा जेजेएम के तहत प्रदेश के 43 हजार 323 गांवों में से वर्तमान में 38 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों के लिए 133 वृहद पेयजल परियोजनाओं और 9657 मल्टी एवं सिंगल विलेज परियोजनाओं सहित कुल 9780 ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं में 91 लाख ‘हर घर जल’ कनेक्शन की स्वीकृतियां उपलब्ध है। इनमें से 37 लाख 50 हजार 685 हर घर जल कनेक्शन के कार्यादेश जारी किए जा चुके है, जबकि 34 लाख 54 हजार 515 ‘हर घर जल’ कनेक्शन देने का कार्य मौके पर आरम्भ हो चुका है।
