PAK vs SA Highlights: पाकिस्तान के सामने ढेर हुए साउथ अफ्रीकी शेर, सेमीफाइनल का समीकरण हुआ रोमांचक
शादाब और इफ्तिखार ने दिखाया दम
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में पाकिस्तान के लिए शादाब खान ने 22 गेंद में 52 रन की आक्रामक पारी खेली। शादाब के अलावा इफ्तिखार अहमद ने 35 गेंद में 51 रन बनाए और पारी को संभाला जब सातवें ओवर में पाकिस्तानी टीम चार विकेट पर 43 रन बनाकर जूझ रही थी। शादाब ने 20 गेंद में 50 रन पूरे किये जिसमें चार छक्के और तीन चौके जड़े थे। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम मौजूदा टूर्नामेंट में फिर अच्छी शुरुआत करने में विफल रही जिसने पहले ही ओवर में मोहम्मद रिजवान का विकेट गंवा दिया जो वेन पार्नेल की गेंद पर बोल्ड हुए।
चोटिल फखर जमां की जगह टीम में शामिल किए मोहम्मद हैरिस ने आते ही गेंद सीमा रेखा के पार कराने की कोशिश शुरू कर दी। उन्होंने तीन छक्के और दो चौकों की मदद से 11 गेंद में 28 रन बनाये। लेकिन वह एनरिच नॉर्खिया की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। हैरिस ने रिव्यू लिया लेकिन फैसला नहीं बदला जिससे एक समय एक विकेट पर 38 रन के स्कोर से पाकिस्तान का स्कोर दो ओवर के अंदर चार विकेट पर 43 रन हो गया।
फॉर्म में चल रहे इफ्तिखार ने मोहम्मद नवाज (22 गेंद में 28 रन) के साथ मिलकर पारी संभाली जिसमें इन दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 52 रन की भागीदारी बनी। लेकिन बायें हाथ के कलाई के स्पिनर तबरेज शम्सी ने नवाज को पगबाधा आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। नवाज ने अपनी पारी के दौरान चार बार गेंद सीमा रेखा के पार करायी और एक छक्का जड़ा। फिर शादाब क्रीज पर उतरे जिन्होंने इफ्तिखार के साथ मिलकर आते ही तेजी से रन जुटाना शुरू कर दिया।
इन दोनों ने छठे विकेट के लिये 36 गेंद में 82 रन की भागीदारी निभाई और टीम को चुनौतीपूर्ण लक्ष्य तक पहुंचाने में मदद की। दक्षिण अफ्रीका के लिए एनरिच नॉर्खिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 41 रन देकर चार विकेट झटके जबकि कागिसो रबाडा, पार्नेल, लुंगी एनगिडी और शम्सी ने एक एक विकेट हासिल किए।
