Retired DSP के घर दिल दहला देने वाला हादसा, मासूम बच्चों सहित 6 लोगों की मौत…

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के शिव नगर इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात सेवानिवृत्त DSP अवतार कृष्ण (81) के घर में भीषण आग लग गई, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में सेवानिवृत्त डीएसपी अवतार कृष्ण और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं। आग लगने की इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार रात को हुआ है, जब सेवानिवृत्त DSP अवतार कृष्ण का पूरा परिवार घर में मौजूद था। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को घर से बाहन भागने का मौका ही नहीं मिला। जिस कारण दम घुटने से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। घटना की सूचना मिलते ही कठुआ पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायलों को तुरंत जीएमसी कठुआ लाया गया, जहां चार लोगों की स्थिति ठीक बताई जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे में चार नाबालिग बच्चों की मौत हुई जिनमें से दो की उम्र केवल 3 और 4 साल थी। यह घटना बेहद दर्दनाक है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
