Success Story: नौकरी छोड़ अधिकारी बनने निकले थे अतुल, तीसरे प्रयास में किया टॉप, बताई अपनी स्ट्रेटजी – success story of up pcs 2021 topper atul singh
आईआईटी खड़गपुर से की है पढ़ाई
यूपीपीसीएस परीक्षा में रैंक 1 प्राप्त करने वाले अतुल बताते हैं कि जब वे प्राइवेट सेक्टर में कार्यरत थे तो उनके मन को संतुष्टि नहीं मिल रही थी। यही कारण रहा कि एक अच्छे जॉब प्रोफाइल के लिए उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तरफ रुख करने का फैसला किया। बात अगर उनके शैक्षिक सफर की हो तो अतुल ने अपनी 12वीं परीक्षा जीआईसी प्रयागराज से पास की थी। उसके बाद उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से अपनी पढ़ाई पूरी की और रिसर्च के लिए भारत सरकार की ओर से अमेरिका चले गए।
यूपी पीसीएस में मिला है रैंक 1
अपनी रिसर्च पूरी करने के बाद अतुल ने कुछ वर्षों तक अमेरिकन कंपनी में काम किया। बेंगलुरु में काम करने के दौरान ही अतुल ने सिविल सेवा परीक्षा में भाग लेने का निर्णय किया। उन्होंने यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी। तैयारी करने के बाद वे परीक्षा में बैठे लेकिन दुर्भाग्य से दो प्रयासों में भी उनका चयन नहीं हुआ और उनकी यूपीएससी की उम्र सीमा बढ़ गई। लेकिन अतुल ने अपने सिविल सेवा का ख्वाब नहीं छोड़ा और यूपी पीसीएस परीक्षा (UP PCS Exam 2021) में भाग लेने का निर्णय किया। यूपी पीसीएस परीक्षा में उनका चयन भी हुआ और एक बार उन्हें बीडीओ और दूसरी बार वन सहायक अधिकारी का पद मिला। लेकिन अतुल ने तैयारी जारी रखी और अंत में रैंक 1 प्राप्त कर सफलता हासिल किया।
पढ़ाई की क्वालिटी पर फोकस जरूरी
अतुल सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सलाह देते हैं कि तैयारी करते समय सिलेबस और पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों को रूटीन का हिस्सा बनाना चाहिए। इसके साथ ही उनका यह भी मानना है कि अधिक मात्रा में पढ़ने की बजाए उम्मीदवारों को पढ़ाई की क्वालिटी पर अधिक फोकस करना चाहिए। सफलता के लिए अतुल मानते हैं कि ज्यादा से ज्यादा प्रैक्टिस करने पर ध्यान देना चाहिए।
