अडानी ग्रुप ने एनडीटीवी में अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी पाने के लिए ओपन ऑफर की तारीख तय कर दी है

ओपन ऑफर से होगा 1.67 करोड़ इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण
एएमजी मीडिया नेटवर्क्स और अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ वीसीपीएल ने अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी या 1.67 करोड़ इक्विटी शेयरों को 294 रुपये प्रति शेयर के ऑफर प्राइस पर हासिल करने का प्रस्ताव दिया है।
एनडीटीवी में किस तरह मिली अडानी को हिस्सेदारी
एएमजी मीडिया नेटवर्क्स लिमिटेड (AMNL) अडानी ग्रुप की मीडिया कंपनी है। एएमएनएल एडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की 100 फीसदी सब्सिडियरी कंपनी है। एएमएनएल की एक पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लमिटेड (VCPL) है। वीसीपीएल ने एनडीटीवी की एक प्रमोटर ग्रुप कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के 99.5 फीसदी इक्विटी शेयर्स का अधिग्रहण किया। आरआरपीआर होल्डिंग्स के पास एनडीटीवी में 29.30 फीसदी हिस्सेदारी थी। इस तरह एनडीटीवी की हिस्सेदारी अडानी ग्रुप के पास आ गई।
क्यों है ओपन ऑफर की जरूरत
अडानी ग्रुप के पास इस समय एनडीटीवी में सबसे अधिक हिस्सेदारी 29.30 फीसदी है। लेकिन जब तक 51 फीसदी या इससे अधिक हिस्सेदारी अडानी के पास नहीं आएगी, मालिकाना हक नहीं मिलेगा। अडानी ग्रुप के पास 29.30 फीसदी हिस्सेदारी आने के बाद नियमों के तहत उसके पास ओपन ऑफर लाने का अधिकार है। वह ओपन ऑफर लाकर कंपनी के अन्य शेयरधारकों से अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी खरीदना चाहता है। इस तरह अडानी के पास एनडीटीवी में कुल 55.3 फीसदी हिस्सेदारी आ जाएगी और मालिकाना हक मिल जाएगा।
एनडीटीवी को ले डूबा एक बकाया कर्ज
अडानी ग्रुप के पास एनडीटीवी की हिस्सेदारी आने के पीछे एक बकाया कर्ज है। यह कर्ज एनडीटीवी के संस्थापक प्रणय और राधिका रॉय (Prannoy and Radhika Roy) ने 2009-10 में मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) से जुड़ी कंपनी से लिया था। विश्वप्रधान कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड (VCPL) ने एनडीटीवी की प्रवर्तक कंपनी आरआरपीआर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड को 403.85 करोड़ रुपये का कर्ज दिया था। इस ब्याज मुक्त कर्ज के बदले आरआरपीआर ने वीसीपीएल को वॉरंट जारी किए। इस वॉरंट के अनुसार, अगर कंपनी भुगतान नहीं कर सकी, तो ऐसी स्थिति में कर्जदाता को आरआरपीआर में 99.9 फीसदी हिस्सेदारी लेने का अधिकार होगा। वीसीपीएल का स्वामित्व 2012 में बदल गया। अडाणी समूह की फर्म ने पहले वीसीपीएल का अधिग्रहण किया और फिर बकाया ऋण को मीडिया कंपनी में 29.18 फीसदी हिस्सेदारी में बदलने के विकल्प का प्रयोग किया।
