नॉर्थ गाजा में हमास के खात्मे की कगार पर इजराइल:सेना बोली- 1 महीने में 500 लड़ाके गिरफ्तार; IDF ने अब तक 104 सैनिक गंवाए…

इजराइली सेना ने दावा किया है कि वो नॉर्थ गाजा में हमास को मिटाने के बेहद करीब हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा- जबालिया और शेजाइया इलाकों में हमास की बटालियन का सफाया होने वाला है। हमने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया है। पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों हमास लड़ाकों ने सरेंडर किया है।
इजराइली सेना ने बताया कि पिछले एक महीने में 500 हमास लड़ाकों को गिरफ्तार किया गया है। 1 दिसंबर को सीजफायर खत्म होने के बाद से अब तक 140 लड़ाके पकड़े गए हैं। सेना ने बताया कि हमास के ये लड़ाके स्कूलों, शेल्टर होम और दूसरी बिल्डिंग में छिपे हुए थे। सेना ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें 350 हमास लड़ाके और करीब 120 फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के आतंकी हैं।
ईरान बोला- ब्लैक मार्केट से हथियार खरीद रहा हमास
दूसरी तरफ, टाइम्स ऑफ इजराइल ने सोमवार रात इजराइली डिफेंस फोर्सेस (IDF) के हवाले से बताया कि गाजा में इजराइल के सात और सैनिकों की मौत हो गई है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यह सैनिक दक्षिणी गाजा में एक ग्राउंड ऑपरेशन के दौरान मारे गए।
गाजा में मिलिट्री ऑपरेशन शुरू होने के बाद इजराइल के अब तक 104 सैनिक मारे जा चुके हैं। दूसरी तरफ, ईरान के फॉरेन मिनिस्टर आमिर अब्दुलोहियान ने कहा है कि हमास को हथियार ब्लैक मार्केट से मिल रहे हैं। ईरान पर आरोप गलत हैं।

मलबे के बीच से पति-पत्नी का रेस्क्यू, 22 साल के बेटे की मौत
सोमवार को फिलिस्तीनी मानवीय सहायता ग्रुप (PRCS) ने एक वीडियो शेयर किया। इसमें वो एक पति-पत्नी को मलबे के बीच से बाहर निकालते नजर आए। CNN के मुताबिक, PRCS ने बताया कि रविवार को उम जाहेर इलाके में इजराइल की बमबारी के बीच एक दंपति का घर तबाह हो गया। उनके 22 साल के बेटे की मौत हो गई। रेस्क्यू के बाद पति-पत्नी को अल-अक्सा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नेतन्याहू बोले- फिलिस्तीन अथॉरिटी और हमास का इरादा एक
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार रात संसद नीसेट की फॉरेन अफेयर्स और डिफेंस कमेटी के सामने स्पीच दी। कहा- आप फिलिस्तीन अथॉरिटी और हमास को अलग करके मत देखिए। दोनों के इरादे एक ही हैं।
नेतन्याहू ने आगे कहा- फिलिस्तीन अथॉरिटी हमें टुकड़ों में तबाह करना चाहती है। हमास यही काम दूसरे तरीके से कर रहा है। मैं इस बात को नहीं मानता कि फिलिस्तीन अथॉरिटी को जंग के बाद गाजा का शासन सौंपा जाना चाहिए। यह मुश्किलों को कम करने के बजाय नए खतरे पैदा करेगा।
‘अल-अक्सा फ्लड’ के खिलाफ इजराइल का ऑपरेशन ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’
हमास ने इजराइल पर 7 अक्टूबर को हमला किया था। उसने इजराइल के खिलाफ अपने ऑपरेशन को ‘अल-अक्सा फ्लड’ नाम दिया। इसके जवाब में इजराइल की सेना ने हमास के खिलाफ ‘सोर्ड्स ऑफ आयरन’ ऑपरेशन शुरू किया। हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद दीफ ने कहा था- ये हमला यरुशलम में अल-अक्सा मस्जिद को इजराइल की तरफ से अपवित्र करने का बदला है। दरअसल, इजराइली पुलिस ने अप्रैल 2023 में अल-अक्सा मस्जिद में ग्रेनेड फेंके थे।
वहीं, हमास के प्रवक्ता गाजी हामद ने अल जजीरा से कहा था- ये कार्रवाई उन अरब देशों को हमारा जवाब है, जो इजराइल के साथ करीबी बढ़ा रहे हैं। हाल ही के दिनों में मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अमेरिका की पहल पर सऊदी अरब इजराइल को देश के तौर पर मान्यता दे सकता है।
