रेप-मर्डर का आरोप है और… डेरा चीफ राम रहीम के परोल पर हरियाणा के मुख्य सचिव को कानूनी नोटिस – legal notice to haryana chief secretary on parole of dera chief ram rahim
पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट के वरिष्ठ वकील एचसी अरोड़ा ने हरियाणा के मुख्य सचिव को भेजे नोटिस में कहा है कि राम रहीम को साध्वियों के यौन शोषण और हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया है। हरियाणा सरकार ने उसे 40 दिन की पैरोल दी, जिसके दौरान वह यूपी में रहकर सत्संग कर रहा है। ऑनलाइन सत्संग में सत्ताधारी दल और विपक्षी दलों के नेता राम रहीम से आशीर्वाद ले रहे हैं। इससे पंचायत चुनाव और आदमपुर उपचुनाव की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
लोकप्रियता हासिल करने की अनुमति नहीं दे सकती है सरकार
नोटिस में यह भी कहा गया है कि यूपी के एक आश्रम में रहने के दौरान डेरा प्रमुख ने अपने नए गाने ‘सादी नित दीवाली’ का एक वीडियो जारी किया। अरोड़ा ने इस गाने पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार राम रहीम को लोकप्रियता हासिल करने की अनुमति नहीं दे सकती।
राम रहीम की परोल रद्द करे सरकार: अरोड़ा
अपने नोटिस में, अरोड़ा ने यह भी कहा है कि राज्य सरकार का ऐसा रवैया न्यायिक प्रणाली की नींव को भी हिला देता है, क्योंकि एक व्यक्ति को बलात्कार के अपराध के लिए दोषी ठहराया जाता है और लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार द्वारा दोषी को इतना संरक्षण और सम्मान दिया जा रहा है। राज्य सरकार को तुरंत राम रहीम की परोल रद्द करनी चाहिए और यूट्यूब से उसके सभी वीडियो को हटाने के लिए भी कहना चाहिए।
