गौ रक्षकों ने पकड़ा:100 से ज्यादा मवेशियों को कत्लखाना ले जा रहे थे तस्कर…

राजधानी में मंगलवार रात 1 बजे गौ तस्करी के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। तस्कर छत्तीसगढ़ से 100 से ज्यादा मवेशियों को कंटेनर में भरकर कत्लखाना ले जा रहे थे। जिसे खारुन नदी के पास गौ रक्षकों ने घेराबंदी कर रोक लिया।
गौ रक्षकों को देखकर ड्राइवर गाड़ी छोड़कर भाग गया। बाद में कंटेनर को महोबाबाजार लाया गया। मवेशियों को गाड़ी से नीचे उतारा गया। इसमें 13 मवेशियों की मौत हो गई थी। इसे लेकर आधी रात जमकर हंगामा भी हुआ। सुबह हीरापुर चौक पर एफआईआर कराने की मांग को लेकर गौ रक्षकों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे। डेढ़ घंटे तक सड़क पर बैठे रहे। पुलिस की समझाइश के बाद भी वे वहां से हटे। पुलिस ने अज्ञात गिरोह के खिलाफ जालसाजी, गौ तस्करी का केस दर्ज कर लिया है।
कंटेनर में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु के फर्जी नंबर प्लेट भी मिले हैं। पुलिस चेसिस नंबर के आधार पर कंटेनर मालिक की तलाश कर रही है। गौ रक्षक समिति से जुड़े हुए शिवम ठाकुर ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है कि उन्हें परिचितों से मंगलवार रात सूचना मिली कि बिलासपुर इलाके से एक कंटेनर में मवेशियों को ठूस-ठूसकर भरा गया था।
उन्हें हैदराबाद कत्लखाना ले जाया जा रहा है। उनकी टीम बिलासपुर रोड पर खड़ी रही। वहां से कंटेनर का पीछा करते हुए चंदनीडीह खारुन पुल तक आए। वहां कंटेनर को रोका गया। तभी ड्राइवर भाग गया। तस्करों ने कंटेनर को दो भाग में बांटकर रैक बना दिया था। ऊपर और नीचे मवेशियों को भरा गया था। कंटेनर में 100 मवेशी थे। उसमें 13 की मौत हो गई थी। उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बाकी मवेशियों को जरवाय के कांजी हाउस में रखा गया है।
छत्तीसगढ़ में बड़ा रैकेट सक्रिय, सप्लाई नागपुर-हैदराबाद में
पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ से मवेशियों को खरीदकर हैदराबाद या नागपुर के कत्लखाना ले जाया जाता है। वहां मवेशियों को बेच दिया जाता है। छत्तीसगढ़ में एक बड़ा रैकेट इसमें काम कर रहा है। वह गांव-गांव में जाकर सस्ते में मवेशी को खरीदकर गिरोह को बेच देते हैं। पुलिस अब इस गिरोह की तलाश कर रही है।
