छत्तीसगढ़ के शिक्षित युवाओं के काम की खबर:33 हजार शिक्षकों की होगी सीधी भर्ती; विवि-कोलेजों में भरे जाएंगे 4200 से ज्यादा पद…

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार शिक्षित युवाओं के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बड़ी घोषणा की है। जल्द ही प्रदेश भर के स्कूलों में 33 हजार से ज्यादा पदों पर शिक्षकों की सीधी भर्ती की जाएगी। साथ ही विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भी 4200 से ज्यादा खाली पदों पर भी जल्द भर्ती निकली जाएगी।
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि समग्र शिक्षा में 1086 नए पदों का सृजन किया जाएगा। इसके लिए बजट में एक करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके बाद भर्तियां होंगी। पद्मश्री प्राप्त कलाकारों को हर महीने 25 हजार रूपए पेंशन दिए जाने की घोषणा भी की गई है।
स्टूडेंट्स को मिलेगा मासिक यात्रा भत्ता
अग्रवाल ने कहा कि मोदी की गारंटी के तहत सरकार जल्द प्रदेश के विद्यार्थियों को कॉलेज आने-जाने के लिए मासिक ट्रैवल्स अलाउंस देने की शुरुआत करने वाली है। इस योजना के जरिए छत्तीसगढ़ के तीन लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को 6000 रुपए हर साल डीबीटी से सीधे उनके खाते में डाली जाएगी। UPSC, PSC, सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा की कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी।
33 हजार शिक्षकों की होगी सीधी भर्ती
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि स्कूलों में 33 हजार से ज्यादा पदों पर शिक्षकों की सीधी भर्ती की जाएगी। इनमें व्याख्याता के 2524 पद, शिक्षक 8194 पद और सहायक शिक्षकों के 22 हजार 341 पद शामिल हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सेंट्रल लाइब्रेरी शंकर रायपुर को अपग्रेड करते हुए 18 नवीन पदों के सृजन के लिए बजट में एक करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है।
यूनिवर्सिटी-कॉलेजों में भरे जाएंगे 4200 से ज्यादा पद
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में 4200 से ज्यादा खाली पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनमें प्राध्यापक के 595, सहायक प्राध्यापक के 2150, क्रीड़ा अधिकारी के 130, ग्रंथपाल 130, तृतीय श्रेणी के 350 और चतुर्थ श्रेणी के 930 पद शामिल हैं।
