जम्मू-कश्मीर में 90 के दशक जैसा भय? शोपियां में 10 कश्मीरी पंडित परिवारों ने छोड़ा अपना गांव- 10 kashmiri pandit families left their village in shopian
हाल ही में मौत की धमकी का सामना करने वाले चौधरीगुंड गांव के एक व्यक्ति ने पीटीआई-भाषा से कहा कि 35 से 40 कश्मीरी पंडितों वाले दस परिवार डर के कारण हमारे गांव से बाहर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि गांव अब खाली हो गया है। एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि हमारे लिए कश्मीर घाटी में रहने के लिए स्थिति अनुकूल नहीं है। हम हत्याओं के कारण डर में जी रहे हैं। हमारे लिए कोई सुरक्षा नहीं है।
साल 2020 से अब तक 7 कश्मीरी पंडितों की हत्या
आतंकियों की ओर से लगातार निशाने पर कश्मीरी पंडितों की अगर बात करें तो साल 2020 के बाद से सात हत्याएं हो चुकी हैं। इसी महीने आतंकियों ने पूरन कृष्ण भट की हत्या कर दी थी। पूरन कृष्ण भट उस वक्त घर के ठीक बाहर ही थे, जब आतंकियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। कश्मीरी पंडित पिछले पांच महीनों से जम्मू में राहुल भट की हत्या के बाद से विरोध कर रहे हैं। आतंकियों ने बडगाम जिले की चदूरा तहसील कार्यालय में 35 साल के क्लर्क राहुल भट की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
