दिल्ली में 4 दिसंबर को नगर निगम के चुनाव हैं, आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी ने अपने कद्दावर नेताओं को मैदान में उतार दिया है, आज केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह , केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा मैदान में थे
एमसीडी चुनाव के बहाने AAP पर साधा जितेंद्र सिंह ने निशाना
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह दिल्ली नगर निगम चुनाव के प्रचार अभियान में उतरे। उन्होंने आज केंद्रीय मंत्री मिनाक्षी लेखी के साथ शहीद भगत सिंह कॉलेज से चिराग दिल्ली तक भाजपा की ‘विजय संकल्प’ रोड शो में शामिल हुए। जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह जो ढकोसले वाली पार्टी है उससे दिल्ली को बचाना है।यह वही लोग हैं जो चुनाव से पहले फटी चपलें,बिना बटन की कमीज, छेद वाला मफलर पहनते थे और आज कारवां लेकर, गुजरात में प्राइवेट जेट से जाते हैं। यह पूरे देश के मात्र एक मुख्यमंत्री जिनके पास न कोई विभाग न मंत्रालय है।
जितेंद्र सिंह ने आगे कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता दिल्ली की सड़कों पर उतरे हैं जिससे दिल्ली के लोगों को समझा सकें कि कैसे आम आदमी पार्टी ने लोगों को ठगा है। यह आम आदमी पार्टी नहीं बल्कि फेक आदमी पार्टी है। जब यह आए थे इन्होंने कहा था कि यह यमुना साफ करेंगे, दिल्ली को लंदन बनाएंगे।
हिमंत ने छेड़ दिया दिल्ली दंगे का राग
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने भी आज उत्तर पूर्वी दिल्ली के घोंडा से रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने बातों-बातों में 2020 दिल्ली दंगे को लेकर निशाना साधा। असम के सीएम ने कहा कि लोगों के उमंग से पता चल रहा है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा। वे सोचते हैं कि हिंदू दुश्मन हैं लेकिन हिंदू बिना भारत हो सकता है क्या? जिस तरह से उन्होंने CAA के समय दिल्ली में दंगा फसाद कराए उसके लिए उनको माफी मांगनी चाहिए।
दिल्ली में बीजेपी उतार रही सेना- केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज ट्वीट करते हुए बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि आज बीजेपी दिल्ली पर हमला करने जा रही है। इनके कई राजा महाराजा अपनी अपनी सेनाएँ लेकर चारों तरफ़ से दिल्ली पर हमला कर रहे हैं। लेकिन जैसे अभी तक दिल्ली के लोगों ने बीजेपी और इनके LG के हमलों का वीरता के साथ सामना किया, वैसे ही आज भी दिल्ली की जनता इनको करारा जवाब देगी।
