भीलवाड़ा में लड़कियों की ‘नीलामी’ पर भड़कीं मायावती, बोलीं- कांग्रेस का यही असली क्रूर रूप है – congress government in rajasthan should apologize in allegedally girls auction case said mayawati
उन्होंने कहा कि राजस्थान की कांग्रेसी सरकार को दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ इस शर्मनाक घटना पर महिलाओं व राज्य की जनता से तुरंत माफी मांगनी चाहिये। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में कर्ज अदायगी के लिए लड़कियों की नीलामी के आरोपों की जांच के संबंध में शुक्रवार को दो सदस्यीय तथ्यान्वेषी टीम का गठन किया। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राजस्थान के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शर्मा ने मुख्य सचिव से आयोग को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को भी कहा है।
शीर्ष बाल अधिकार निकाय राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो भी आरोपों की विस्तृत जांच करने के लिए सात नवंबर को भीलवाड़ा जाएंगे। राजस्थान राज्य महिला आयोग ने भी इस बारे में प्रकाशित एक मीडिया रपट पर भीलवाड़ा जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से लड़कियों की नीलामी को लेकर तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि स्टाम्प पेपर पर लड़कियों की नीलामी की जा रही है।
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक एम एल लाठर ने शनिवार को कहा कि महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों पर राज्य पुलिस अत्यंत संवेदनशीलता बरतकर महिला अत्याचार से संबंधित प्रकरणों पर विशेष निगरानी रख रही है और इन अपराधों की रोकथाम एवं अनुसंधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
