मेरठ SSP का बड़ा एक्शन… साइबर थाने में चल रहा था वसूली का ‘खेल’, 13 पुलिसकर्मी सस्पेंड…

मेरठ के साइबर थाने की शिकायतों के बाद एसएसपी अविनाश पांडेय ने बड़ी कार्रवाई की है। एक इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया, जबकि 13 अन्य पुलिसकर्मियों को साइबर थाने से हटाकर विभिन्न इकाइयों में स्थानांतरित किया गया। साइबर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों पर बड़ी कार्रवाई कर दी गई। एक इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर 13 पुलिसकर्मी साइबर थाने से हटाए।
तीन अन्य पुलिसकर्मियों का भी हुआ स्थानांतरण। काफी दिनों से साइबर थाने में वसूली का बड़ा खेल चलने की चर्चाएं आम हो रही थीं। दो सप्ताह पहले थाना प्रभारी को हटाने के बाद भी थाने की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हो पाया। यही कारण है कि एसएसपी ने बुधवार रात को बड़ी कार्रवाई कर दी।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ सुधार
साइबर थाने में ठगी की वजह से सीज किए खाते खुलवाने और अन्य मामलों में पुलिसकर्मियों की शिकायतें आ रही थीं। एसएसपी अविनाश पांडेय ने तैनाती के बाद पहली मीटिंग में ही साइबर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को सुधरने की हिदायत दी थी। उसके बाद भी साइबर थाने में तैनात पुलिसकर्मियों में कोई सुधार नहीं हुआ।
तब एसएसपी ने थाना प्रभारी महेश राठौर को हटाकर रेलवे रोड थाने में इंस्पेक्टर क्राइम बना दिया। उनके स्थान पर इंस्पेक्टर महावीर को थाना प्रभारी बनाया। साथ ही सीओ क्राइम अभिषेक पटेल को भी हटाकर शुचिता सिंह को सीओ क्राइम बनाया। तब भी थाने की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ।
गोपनीय जांच के बाद गाज गिरी
इसके बाद एसएसपी ने खुद ही थाने पर तैनात पुलिसकर्मियों की गोपनीय तरीके से जांच कराई। बुधवार की रात इंस्पेक्टर देवेश कुमार को सस्पेंड कर दिया, जबकि हेडकांस्टेबल अरविंद कुमार और सिपाही गिर्राज सिंह को साइबर थाने से हटाकर सीओ कोतवाली पेशी में भेजा। इसी तरह से हेडकांस्टेबल राकेश कपिल, धर्मेंद्र पंवार, सिपाही नूरे आलम, संजय अत्री, प्रवीण तेवतिया, अरविंद कुमार, अश्वनी कुमार, अजीत कुमार, महेश कुमार और अब्दुल को साइबर से हटाकर यूपी-112 की गाड़ियों पर लगा दिया।
प्रशासनिक समायोजन और स्थानांतरण
साइबर थाने से महिला कांस्टेबल गुंजन को लोहियानगर थाने, संदीप कुमार को पुलिस लाइन से बहसूमा थाने, सिपाही संजीत कुमार को बहसूमा से परतापुर और हेडकांस्टेबल राहुल कुमार को यूपी-112 से परिवहन शाखा में भेजा गया है। यानी कि 13 पुलिसकर्मी साइबर थाने से हटाए गए हैं। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि जनपद पुलिस स्थापना बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णय के आधार पर प्रशासनिक समायोजन के सापेक्ष पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है।
