एमपी में 19 लाख युवा सीधे जुडेंगे BJP संगठन से

भोपाल
बूथ विस्तारक योजना के बाद भाजपा अब प्रदेश भर में पन्ना प्रमुखों और पन्ना समितियों का गठन कर उन्हें डिजिटल सिस्टम से जोड़ेगी। इस सिस्टम का काम पूरा होते ही मध्यप्रदेश भाजपा देश भर में डिजिटल मोड पर बूथ और पन्ना समिति की कनेक्टिविटी में सबसे अव्वल हो जाएगी। इसका फायदा यह होगा कि अगर प्रधानमंत्री, केंद्रीय नेतृत्व मध्यप्रदेश संगठन में बूथ स्तर पर किसी से सीधा संवाद करना चाहें तो एक घंटे के भीतर सबको लाइव किया जा सकेगा और केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश ये कार्यकर्ता सीधे सुन सकेंगे।
भाजपा की पिछले दो दिनों की बैठक में संगठनात्मक मजबूती के लिए यह बड़ा फैसला लिया गया है। इस फैसले के बाद अब बूथ विस्तारक योजना में बूथों को डिजिटल करने का शेष काम पूरा करने के साथ पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति को डिजिटल करने का काम भी शुरू है। इसे जल्द ही पूरा कराने के लिए भी संगठन ने प्रदेश, राज्य, जिला स्तर पर टीमें बनाने का निर्णय लिया है ताकि जिस तरह से बूथ विस्तारक योजना में काम हुआ है, उसी तरह से पन्ना समितियों को डिजिटल बनाने का काम कर लिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि प्रदेश में 65 हजार बूथों में अध्यक्ष और संयोजक समेत बूथ समितियों का गठन विस्तारक योजना में किया जा चुका है। साथ ही पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों की गठन की भी कार्यवाही चल रही है। एक पन्ना समिति में बीस से तीस कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाना है। ऐसे में प्रदेश भाजपा इसी साल 19 लाख कार्यकर्ताओं की डिजिटल टीम बूथ स्तर पर तैयार कर लेगी। इन कार्यकर्ताओं को सीधे संगठन से निर्देश भी दिए जा सकेंगे।
आज से जिला प्रबंध समिति के साथ बैठकें
उधर संगठन के निर्देश के बाद जिलों में प्रभारी मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और संगठन के संभागीय प्रभारी आज से जिला प्रबंध समिति और कोर ग्रुप के साथ बैठकें शुरू कर रहे हैं। इन बैठकों में एक मार्च से 15 मार्च तक विशेष अभियान चलाकर समर्पण निधि कार्यक्रम पूरा करने और टारगेट एचीव करने के लिए टीमें गठित की जाएंगी।
विस्तारक योजना में 6 हजार बूथों का काम शेष
प्रदेश संगठन की दो दिनी बैठक में यह बात सामने आई है कि बूथ विस्तारक योजना में संगठन ने 65 हजार बूथों में से 59 हजार बूथों का काम पूरा कर लिया है जो कुल बूथ संख्या का करीब 90 प्रतिशत है।राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री वीडी शर्मा ने इस काम को पूरा करने के लिए जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों में जोश भरने का काम भी किया है। संगठन यह काम मार्च में ही पूरा कराना चाहता है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा है कि पार्टी के अनेक कार्यक्रम ऐसे हैं, जिन्हें बूथ स्तर पर आयोजित किया जाना है। इनमें से प्रत्येक कार्यक्रम के लिए बूथ समिति के किसी सदस्य को प्रभारी बनाएं, इससे उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग हो सकेगा।
