AAP broken records of corruption set by Cong says BJP chief JP Nadda, latest update on delhi politics and aap govt
अपने संबोधन में जे.पी. नड्डा ने कार्यकर्ताओं को पार्टी का मजबूत आधार बताते हुए कहा कि तमाम पार्टियां रामलीला मैदान को भरने में घबराती हैं। मगर यहां जितनी बड़ी तादाद में हमारे कार्यकर्ताओं का सम्मेलन हो रहा है, उतनी बड़ी तादाद तो दूसरी पार्टियां अपनी रैली में भी नहीं जुटा पाती हैं। उन्होंने कहा कि इतने सालों में तमाम दूसरी पार्टियों के आचार विचार बदल गए, लेकिन बीजेपी अपनी विचारधारा से नहीं डिगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस तो अब ना नैशनल रह गई है, ना इंडियन और ना कांग्रेस। वह केवल भाई-बहन की पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने देशभर में बीजेपी के विस्तार और उसमें केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं की अहम भूमिका को रेखांकित करते हुए दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना को लागू नहीं किए जाने को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल की आलोचना भी की।
नड्डा ने दिल्ली सरकार के एजुकेशन मॉडल पर सवाल उठाते हुए आबकारी नीति, स्कूलों में कमरे बनाने, डीटीसी की नई बसें खरीदने और दिल्ली जल बोर्ड के घाटे से लेकर बिजली बिलों में लेट सरचार्ज लगाने जैसे कई मुद्दे उठाते हुए दिल्ली सरकार को भ्रष्टाचार और घोटालों की सरकार बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले चुनावों में अब इस सरकार की छुट्टी करनी है।
नड्डा ने आबकारी नीति को लेकर खासतौर से दिल्ली सरकार को टारगेट करते हुए कहा कि जो लोग इसी रामलीला मैदान से लोकपाल लाने की बात करते थे, वो आज भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए हैं और जल बोर्ड के खातों का सीएजी ऑडिट तक नहीं करा रहे हैं। जो शराब बंदी की बात करते थे, वो आज हर गली-मुहल्ले में शराब के ठेके खुलवा रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इनका सच बताएंगे। प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भी अपने अध्यक्षी भाषण में बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से एमसीडी चुनावा की तैयारियों में जुट जाने और घर-घर जाकर दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार व केंद्र की मोदी सरकार की कल्याणकारी नीतियों से जनता को अवगत कराने का आह्वान किया।
