Biden On Saudi Arabia & China : Saudi Arabia Held Meeting With China Discuss On Oil And Energy Corporation Amid Tension With US

सऊदी ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान ने चीन के नेशनल एनर्जी एडमिनिस्ट्रेटर झांग जियानहुआ के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से बैठक की। चर्चा के मुद्दों में सबसे प्रमुख ऑयल मार्केट था। सऊदी न्यूज एजेंसी के मुताबिक मंत्रियों ने ‘अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार की स्थिरता का समर्थन करने के लिए एक साथ काम करने की इच्छा जाहिर की’ और ‘वैश्विक बाजार को स्थिर करने के लिए दीर्घकालिक और विश्वसनीय तेल आपूर्ति की जरूरत पर बल दिया।’
अमेरिका के लिए कड़ी फटकार
मंत्रियों ने उन देशों में भी सहयोग और साझे निवेश पर चर्चा की जिन्हें चीन अपनी ‘बेल्ट एंड रोड’ के हिस्से के रूप में देखता है। उन्होंने परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल को लेकर चीन और सऊदी अरब के बीच समझौते को जारी रखने पर भी चर्चा की। विश्लेषकों के अनुसार, यह बयान कि ‘सऊदी अरब और चीन ऊर्जा के क्षेत्र में अपने सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं’, वॉशिंगटन के लिए स्पष्ट रूप से फटकार है। यह बयान किसी नई नीति का हिस्सा तो नहीं है लेकिन यह बाइडन प्रशासन को याद दिलाता है कि सऊदी अरब के अन्य अहम ऊर्जा संबंध भी हैं और सऊदी तेल नीति वॉशिंगटन में नहीं बनती, यह रियाद में बनाई जाती है।
कुछ दिनों में बदल गए रिश्ते
सऊदी अरब और चीन के बीच यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और सऊदी अरब के बीच संबंध नाटकीय ढंग से बदले हैं। जुलाई में बाइडन रियाद गए थे और क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से हाथ मिला रहे थे और अब वह दोनों देशों के बीच रिश्तों पर ‘पुनर्विचार’ करने की बात कह रहे हैं। इसका कारण है इस महीने की शुरुआत में हुई ओपेक प्लस की मीटिंग। बाइडन प्रशासन के अनुरोध के बावजूद सऊदी नेतृत्व वाले समूह ने नवंबर से तेल उत्पादन में भारी कटौती की घोषणा की। चूंकि रूस भी इस समूह का हिस्सा है जिस वजह से अमेरिका इस फैसले से और ज्यादा नाराज है।
