gujarat election 2022, वंदे भारत से जा रहे ओवैसी पर पथराव, AIMIM के आरोपों पर रेलवे बोला-‘उछलकर टकराया पत्थर, जिससे टूटे शीशे’ – aimim leader alleged stones pelted at vande bharat express in which asaduddin owaisi was travelling to surat
‘ट्रेन के टूटे कांच’
पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया, ‘असदुद्दीन ओवैसी साहेब, साबिर काबलीवाला साहेब, मैं और एआईएमआईएम के लोग वंदे भारत एक्सप्रेस में अहमदाबाद से सूरत जा रहे थे तभी कुछ अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके और उसके कांच टूट गए।’
‘भरूच के पास चल रहा था काम’
हालांकि पश्चिम रेलवे के पुलिस अधीक्षक राजेश परमार ने इस मामले में स्पष्टीकरण दिया। उन्होंने कहा कि भरूच जिले के अंकलेश्वर में पटरी के पास चल रहे इंजीनियरिंग के काम के कारण कुछ गिट्टियां ट्रेन की कांच की खिड़कियों में जाकर लगी थीं।
रेलवे अधिकारी ने कहा, ‘यह पथराव का मामला नहीं है।’ उन्होंने यह भी कहा कि ओवैसी खिड़की से दूर बैठे थे। अधिकारी के अनुसार टूटी हुई खिड़की को बदला गया और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के एक अधिकारी घटना के मामले में जांच कर रहे हैं।
दो पत्थर फेंके जाने का दावा
पठान ने सूरत में सोमवार रात एक रैली में दावा किया कि एक के बाद एक करके दो पत्थर फेंके गए। उन्होंने दावा किया कि पत्थर इतने भारी थे कि खिड़की के कांच टूट गए जहां पास में ही ओवैसी और उनके साथी बैठे थे।
‘पत्थर फेंको, आग लगाओ’
एआईएमआईएम नेता ने कहा, ‘मोदीजी क्या हो रहा है? कभी वंदे भारत ट्रेन से मवेशी कुचल जाते हैं। जब हम सूरत से 22-25 किलोमीटर दूर थे तो पत्थर लगा।’ उन्होंने कहा, ‘पत्थर भारी था जिसने कांच की खिड़की को तोड़ दिया। 10-15 सेकंड बाद एक और पत्थर आकर गिरा। चाहे पत्थर फेंको, आग लगाओ, लेकिन हक की आवाज रुकेगी नहीं।’ पठान ने कहा कि उनके पास घटना की तस्वीरें हैं।
ओवैसी के पार्टी प्रवक्ता ने बोला हमला
ओवैसी के पार्टी प्रवक्ता ने अपने ट्विटर हैंडल पर खिड़की के टूटे हुए कांच की तस्वीरें साझा कीं जिसमें ओवैसी और एआईएमआईएम के अन्य सदस्य बैठे दिख रहे हैं। हालांकि पुलिस अधीक्षक परमार ने कहा कि यह पथराव का मामला नहीं है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के छह जवान और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के तीन जवान उस कोच के चारों दरवाजों पर खड़े थे जिसमें ओवैसी यात्रा कर रहे थे।
