जरुरत के अनुसार एसओजी चौकी में भरे जाएंगे खाली पद: संसदीय कार्य मंत्री

जयपुर। संसदीय कार्य मंत्री श्री शान्ती धारीवाल ने गुरुवार को विधानसभा में गृहमंत्री की ओर कहा कि सादुलपुर विधानसभा क्षेत्र में राजगढ़ में स्थित एसओजी चौकी में 1 मार्च 2022 को 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 2 मार्च 2022 को 5 कांस्टेबल पदस्थापित कर दिये गये हैं।
श्री धारीवाल ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि यह चौकी नकली नोट, मादक पदार्थों की तस्करी और गैर कानूनी संगठनों की रोकथाम करने के संबंध में स्थापित की गई थी। लेकिन चौकी स्थापित करने से लेकर आज तक वहां कोई भी केस दर्ज नहीं हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि जरुरत के अनुसार खाली पदों को भरा जाएगा।
इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री ने विधायक श्रीमती कृष्णा पूनियां के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि सादुलपुर विधानसभा क्षेत्र में राजगढ़, जिला चूरू में राज्य सरकार के स्वीकृति आदेश संख्या 10/2021-22दिनांक 27 अप्रैल 2021 के तहत एसओजी चौकी स्वीकृत की गई है, जिसमें 1 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 1 पुलिस निरीक्षक, 1 उप निरीक्षक पुलिस, 1 हैड कांस्टेबल, 4 कांस्टेबल, 1 कांस्टेबल चालक समेत कुल 9 पद स्वीकृत है।
